झारखंड : “2 करोड़ दो, नहीं तो खोपड़ी खोल देंगे” झारखंड में लोजपा नेता को मिली प्रिंस खान की धमकी, विदेशी नंबर से भेजी धमकी में कहा, डीजीपी-एसपी कोई नहीं बचा पायेगा
Jharkhand: "Give me 2 crore rupees or I'll break your skull open." LJP leader in Jharkhand receives threat from Prince Khan, who sent the threat from a foreign number, saying no one from the DGP or SP will be able to save him.

Jharkhand Big News : झारखंड में एक बार प्रिंस खान की धमकी ने नेताओं के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। इस बार प्रिंस खान ने चतरा के लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और पत्थर व्यवसायी प्रेम सिंह को धमकी दी है। प्रिंस खान ने चेतावनी दी है कि अगर 2 करोड़ रुपये नहीं दिये गये, तो जान से मार देंगे। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का दुबई से दो करोड़ रुपये की रंगदारी और जान से मारने की धमकी से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा है।
व्हाट्सऐप ऑडियो के जरिए मिली इस धमकी से जिले के कारोबारियों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में लोजपा नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और हंटरगंज प्रखंड के निवासी पत्थर व्यवसायी प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग ऑडियो कॉल पर की गयी है।
यह धमकी एक ऑडियो क्लिप के माध्यम से दी गई, जो उनके व्हाट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात विदेशी नंबर से भेजी गई थी। ऑडियो में धमकी देने वाला खुद को दुबई से बात करने वाला बताते हुए खुलेआम हत्या की बात करता सुना जा सकता है। यह ऑडियो क्लिप करीब एक मिनट से अधिक की है, जिसमें पत्थर क्रशर व्यवसाय का स्पष्ट उल्लेख करते हुए सीधे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
धमकी देने वाले शख्स ने कहा कि पहले प्रेम सिंह के बेटे की शादी के कारण उन्हें छोड़ा गया था, लेकिन अब अगर पैसा नहीं दिया गया तो “खोपड़ी खोल देने” जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की चेतावनी दी गई। ऑडियो में यह भी कहा गया कि “मारने से पहले भी बोलते हैं और मारने के बाद भी जिम्मेदारी लेते हैं,” साथ ही यह दावा किया गया कि एसपी, डीजीपी या कोई भी पुलिस अधिकारी उन्हें नहीं बचा पाएगा।
धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर साबित करने के लिए यूट्यूब के कुछ वीडियो लिंक भी भेजे, ताकि भय का माहौल और गहरा किया जा सके। इसके बाद लगातार व्हाट्सऐप कॉल कर प्रेम सिंह और उनके परिवार को डराने की कोशिश की गई। इस घटना के बाद से प्रेम सिंह का पूरा परिवार दहशत में है और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जता रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में उन्होंने स्पष्ट रूप से गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा जान से मारने की धमकी और रंगदारी मांगने का उल्लेख किया है। इसके साथ ही उन्होंने एसडीपीओ, एसपी, आईजी, डीजीपी और एटीएस एसपी तक अपनी शिकायत पहुंचाई, लेकिन घटना के करीब एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।









