1 मई से लागू नए नियमों ने बदल दी रोजमर्रा की गणित, जेब पर पड़ेगा सीधा असर, जानिए होने वाले बदलावों के बारे में

नई दिल्ली। मई 2026 की शुरुआत आम लोगों के लिए कई बड़े बदलाव लेकर आई है। 1 मई से देशभर में कई नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी की जेब और उसकी रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है। बैंकिंग, ऑनलाइन गेमिंग, निवेश और LPG जैसी जरूरी सेवाओं में हुए ये बदलाव अब हर घर की गणित बदल सकते हैं।
सबसे बड़ा बदलाव ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर में देखने को मिला है। Promotion and Regulation of Online Gaming Act, 2025 के तहत नया रेगुलेटरी फ्रेमवर्क लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही Online Gaming Authority of India का गठन किया गया है, जो अब देशभर में ऑनलाइन गेम्स की निगरानी और नियंत्रण करेगा। नए नियमों के तहत गेम्स को ऑनलाइन मनी गेम्स, सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स जैसी श्रेणियों में बांटा गया है। हाई-रिस्क प्लेटफॉर्म्स के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है, वहीं यूजर्स की सुरक्षा के लिए उम्र सीमा, पैरेंटल कंट्रोल और खेलने की समय-सीमा जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
बैंकिंग सेक्टर में भी बड़ा झटका लगा है। भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी के बाद ATM इंटरचेंज फीस बढ़ा दी गई है। अब फ्री लिमिट खत्म होने के बाद हर ट्रांजैक्शन पर 21 रुपये की जगह 23 रुपये शुल्क देना होगा। हालांकि, अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, लेकिन दूसरे बैंकों के ATM पर लिमिट तय रहेगी।
इसके साथ ही ‘वन स्टेट-वन RRB’ योजना भी लागू कर दी गई है। वित्त मंत्रालय की इस योजना के तहत 11 राज्यों में 15 रीजनल रूरल बैंकों को मिलाकर एक बैंक बनाया जाएगा। इस कंसोलिडेशन के बाद देश में RRB की संख्या 43 से घटकर 28 रह जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे बैंकिंग सेवाएं और मजबूत और प्रभावी बनेंगी।
निवेश से जुड़े नियमों में भी बदलाव हुआ है। RBL Bank ने सेविंग अकाउंट पर ब्याज देने के तरीके में बदलाव करते हुए अब इसे हर महीने देने का फैसला किया है, जबकि पहले यह हर तिमाही में मिलता था। वहीं Shriram Finance Limited ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में बदलाव करते हुए वरिष्ठ नागरिकों को 0.50 प्रतिशत और महिला निवेशकों को 0.10 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज देने का ऐलान किया है।
सबसे ज्यादा असर रसोई बजट पर पड़ सकता है। 1 मई से LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा बुकिंग नियम भी सख्त कर दिए गए हैं। अब शहरों में एक सिलेंडर के बाद दूसरा बुक करने के लिए 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन का इंतजार करना होगा। साथ ही डिलीवरी के लिए OTP सिस्टम लागू किया गया है, जिससे गलत इस्तेमाल और ब्लैक मार्केटिंग पर लगाम लगाने की कोशिश की जा रही है।
इन सभी बदलावों के साथ मई का महीना आम आदमी के लिए नई चुनौतियां लेकर आया है, जहां हर छोटा खर्च भी अब पहले से ज्यादा सोच-समझकर करना होगा।









