गढ़वा – तेंदुए के बाद अब हाथी का आतंक : वृद्ध महिला की कुचलकर ली जान…

गढ़वा : भंडरिया वन क्षेत्र में तेंदुए के द्वारा 3 बच्चों को मौत के घाट उतारे जाने का भय अभी समाप्त भी नहीं हुआ था की मंगलवार की सुबह भंडरिया वन क्षेत्र के जोन्हीखांड जंगल में महुआ चुने गए एक वृद्ध महिला को हाथी ने पटक पटक कर मार डाला। मृतक का नाम जोन्हीखांड गांव निवासी स्वर्गीय बीगु सिंह की 70 वर्षीय पत्नी अकली कुवंर बताया गया है।
देखें वीडियो
जानकारी के अनुसार अकली कुंवर मंगलवार की अहले सुबह अपनी नातिन पुतोहू सुमित्रा देवी और एक 18 वर्षीय नतिनी के साथ महुआ चुनने के लिए गांव के जंगल में गई हुई थी। महुआ चुनने के क्रम में एक जंगली हाथी पुतोहू सुमित्रा देवी पर अचानक हमला कर दिया। सुमित्रा देवी किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। इसके बाद हाथी ने साथ में गए वृद्ध अकली कुवंर पर हमला कर उसे पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसी तरह जंगल से भागकर दोनों ननंद भोजाई इस घटना की जानकारी अपने घर वालों को दिया। देखते देखते घटना की जानकारी पूरे गांव में आग की तरह फैल गया।
ग्रामीणो के द्वारा घटनास्थल पर पहुंच घायल वृद्ध महिला को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरिया लाया गया। अस्पताल पहुंचने के उपरांत ही घायल वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना पर भंडरिया पुलिस व वनकर्मी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरिया पहुंच घटना की जानकारी ली। साथ ही भंडरिया पुलिस के द्वारा शव को अंतपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया है ।
वनरक्षी कमलेश कुमार ने कहा कि हाथी से हुई मौत से मैं मर्माहत हूँ। सरकारी प्रक्रिया पूरी कर लेने के उपरांत सरकार के द्वारा मिलने वाले मुआवजे की राशि 400000 मृतक के परिजनों को दे दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र के कई घरों का चूल्हा जंगल मे महुआ चुनने,लकड़ी चुनने सहित अन्य कार्यो से चलता है। बीते 10 वर्षों में हाथियों के कई झुंड ने अभी तक कितनों की जान ले ली तथा कई लोगों को घर से बेघर कर दिया है।









