चुनाव खत्म…अब शुरू हुई वसूली? 4 दिन में 4 रुपए महंगा पेट्रोल…अब हर चीज महंगी होने का खतरा…

चुनाव खत्म...अब शुरू हुई वसूली? 4 दिन में 4 रुपए महंगा पेट्रोल, कांग्रेस ने PM मोदी को बताया ‘महंगाई मैन’

नई दिल्ली। देश में महंगाई का नया तूफान खड़ा होता दिख रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार दूसरी बार बढ़ोतरी ने आम आदमी की टेंशन बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह तेल कंपनियों ने पेट्रोल 91 पैसे प्रति लीटर और डीजल 87 पैसे प्रति लीटर महंगा कर दिया। महज 4 दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में करीब 4 रुपए तक का इजाफा होने से लोगों में डर बढ़ गया है कि आने वाले दिनों में खाने-पीने से लेकर सफर तक सब कुछ महंगा हो सकता है।

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का हंटर चलना शुरू हो गया है।

कांग्रेस का बड़ा हमला- “अभी और वसूली बाकी”

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “जनता पर महंगाई मैन मोदी का हंटर फिर चला। पेट्रोल-डीजल 90 पैसे महंगा कर दिया गया। पिछले 4 दिन में 4 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। ये तो सिर्फ शुरुआत है, अभी और वसूली होगी क्योंकि चुनाव खत्म हो चुके हैं।”

पार्टी ने दावा किया कि देश में कई जगह पेट्रोल 109 रुपए प्रति लीटर और डीजल 96 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच चुका है।

आखिर क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

बताया जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है। खासकर स्ट्रेट ऑफ हार्मुज से तेल आपूर्ति पर खतरे ने वैश्विक बाजार में हलचल मचा दी है। इसी वजह से क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बनी हुई हैं।

तेल कंपनियों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसकी भरपाई के लिए पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने पड़े हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची रहीं तो आगे और भी बड़ा झटका लग सकता है।

दिल्ली में नए रेट ने बढ़ाई चिंता

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अब 98.64 रुपए प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इससे पहले 15 मई को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-3 रुपए की बढ़ोतरी की थी।

अब रसोई से लेकर EMI तक पड़ेगा असर

डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट और माल ढुलाई पर पड़ता है। ऐसे में सब्जियां, दूध, फल, राशन और पैकेज्ड फूड जैसी जरूरी चीजों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। इसके अलावा पेंट, प्लास्टिक और केमिकल से जुड़े सामान भी महंगे होने की आशंका है।

वहीं रोजाना गाड़ी से सफर करने वालों का मासिक बजट बिगड़ सकता है। आर्थिक जानकारों के मुताबिक अगर महंगाई लगातार बढ़ी तो RBI ब्याज दरें बढ़ा सकता है, जिससे होम लोन और कार लोन की EMI भी और भारी पड़ सकती है।

Related Articles

close