रांची: झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे के आंकड़े पर नजर डाले तो राज्य में कोरोना संक्रमण के 27 नये मरीज सामने आये हैं। पिछले चार दिनों से आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। इन बढ़े हुए आंकड़ों के साथ राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल 182 संक्रमित मरीज हैं। राज्य के कई स्थानों पर मास्क लगा कर रहने की सलाह दी गयी है। अस्पतालों में प्रवेश से पहले मास्क को एक बार फिर अनिवार्य कर दिया गया है।

रविवार को कोरोना से एक महिला की मौत हो गई। जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी 73 वर्षीय इस महिला का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज चल रहा था। तबीयत खराब होने पर उसे 12 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान वह कोरोना संक्रमित पाई गई। यह महिला पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थी। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे पहले 12 मार्च को जमशेदपुर में ही टेल्को निवासी 86 वर्षीय वृद्ध की हुई थी।

उधर, पिछले 24 घंटे में राज्य में 802 सैंपल की जांच की गई। इनमें से 27 पॉजिटिव मिले। सबसे ज्यादा 22 संक्रमित पूर्वी सिंहभूम में मिले। वहीं रांची व सरायकेला में दो-दो और कोडरमा में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

इसके साथ ही राज्य में अब एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 182 हो गई है। सबसे ज्यादा 63 एक्टिव केस रांची में हैं, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 28 और देवघर में 14 एक्टिव केस हैं

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...