झारखंड कोलियरी यूनियन में बड़ा बदलाव…सीएम हेमंत ने महाधिवेशन को किया संबोधित, संगठन को नए दिशा देने की कोशिश

Big change in Jharkhand Colliery Union...CM Hemant addressed the convention, tried to give new direction to the organization

झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के आठवें केंद्रीय महाधिवेशन का आयोजन शनिवार को रांची स्थित सीएमपीडीआई रविंद्र भवन में हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली से ऑनलाइन जुड़कर यूनियन प्रतिनिधियों को संबोधित किया। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “राज्य के आदिवासियों, मूलवासियों, श्रमिकों और विस्थापितों को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और लगातार प्रयासरत रहेगी।”
इस महाधिवेशन की घोषणा पहले ही 11 जून को यूनियन की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में की गई थी। यह बैठक यूनियन अध्यक्ष शिबू सोरेन के निर्देश पर आयोजित हुई थी, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया था कि संगठन के आठवें महाधिवेशन की शुरुआत 28 जून को सुबह 10 बजे ध्वजारोहण और प्रतिनिधि पंजीकरण से की जाएगी।

महाधिवेशन से पूर्व ही संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव भी किए गए। केंद्रीय कार्यसमिति ने तत्काल प्रभाव से यूनियन की सभी शाखा, परियोजना, कोलियरी/क्षेत्रीय एवं जोनल कमिटियों को भंग कर दिया। साथ ही नए कार्यकाल के लिए नई कमिटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए सीसीएल, बीसीसीएल और ईसीएल—तीनों प्रमुख कोल इंडिया कंपनियों के लिए संयोजक मंडल का गठन भी किया गया है।

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सक उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इसमें अपेक्षित सफलता नहीं मिल रही है। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उनकी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुजी की स्थिति फिलहाल गंभीर अवश्य है लेकिन स्थिर बनी हुई है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत कर गुरुजी का हाल समाचार लिया था।

इधर गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए झारखंड में पार्टी कार्यकर्ता और अन्य दलों के नेता भी ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं। झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा पूजा पाठ भी किया जा रहा है। अपने अपने तरीके से अनुष्ठान किया जा रहा है। 81 वर्षीय गुरुजी पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रहे थे। उनका बाईपास सर्जरी हो चुका है। किडनी में खराबी आने के कारण पिछले एक साल से उनका डायलिसिस भी कराया जा रहा है।

Related Articles