रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के अध्यक्ष शिबू सोरेन के बड़े भाई राजा राम सोरेन का शनिवार को निधन हो गया। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। राजा राम लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वो रांची में ही रहते थे और यही उनका निधन हो गया। बता दें, 27 नवंबर 2018 को शिबू सोरेन के छोटे भाई लालू सोरेन का 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। शिबू सोरेन के पिता बड़े क्रांतिकारी थे, महाजनी प्रथा का विरोध करने पर उनके पिता की हत्या कर दी गई थी।

राजा राम सोरेन के निधन के बाद सोरेन परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया में लिखा कि आज रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव में आदरणीय दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के बड़े भाई दिवंगत राजा राम सोरेन जी को श्रद्धांजलि अर्पित किया तथा उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।

हेमंत सोरेन को नहीं मिली जमानत
इधर, अपने चाचा के निधन की खबर मिलने के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एमपी-एमएलए की स्पेशल कोर्ट में अपनी अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की। इसमें उन्होंने कोर्ट से 13 दिनों की अंतरिम जमानत देने की गुहार लगाई है। ताकि वो अपने चाचा के अंतिम संस्कार और श्राद्धकर्म में शामिल हो सकें। लेकिन कोर्ट ने उन्हें जमानत नहीं दी। माना जा रहा है कि जमानत के लिए वो सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर सकते हैं। बता दें कि वे इन दिनों लैंड स्कैम मामले में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में बंद हैं। हेमंत सोरेन की ओर से 13 दिनों के लिए जमानत देने का अनुरोध किया गया था।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...