अजब गजब ! बहन का कंकाल लेकर पैसे निकालने बैंक पहुंचा भाई….सन्न रह गए लोग…
ओडिशा के क्योंझर में हैरान करने वाली घटना—बहन की मौत के बाद पैसे निकालने के लिए भाई ने उठाया रोंगटे खड़े कर देने वाला कदम

ओडिशा के क्योंझर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरानी और डर में डाल दिया है। यहां एक आदिवासी व्यक्ति अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया, ताकि उसके खाते में जमा पैसे निकाल सके। यह नजारा देखकर बैंक में मौजूद लोग सन्न रह गए।
यह पूरा मामला ओडिशा ग्रामीण बैंक की मालीपोसी शाखा का है, जहां दियानाली गांव के 50 वर्षीय जीतू मुंडा अपनी बड़ी बहन कालरा मुंडा के खाते से 20,000 रुपये निकालने के लिए पहुंचे थे। कालरा की दो महीने पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि यह रकम उसने अपने मवेशियों को बेचकर जमा की थी।
दरअसल, जीतू पहले भी कई बार बैंक गया था, लेकिन हर बार उसे जरूरी दस्तावेज जैसे मृत्यु प्रमाण पत्र लाने को कहा गया। बैंक अधिकारियों की इस प्रक्रिया को समझ न पाने के कारण उसने एक ऐसा कदम उठा लिया, जिसने सभी को हिला कर रख दिया।
जीतू ने अपनी बहन की कब्र खोद डाली और उसका कंकाल निकालकर सीधे बैंक पहुंच गया। बैंक में जैसे ही लोगों ने कंकाल देखा, वहां अफरा-तफरी मच गई। इस अजीब और खौफनाक दृश्य ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया।
जीतू मुंडा ने बताया कि उसने कई बार बैंक कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की कि उसकी बहन की मौत हो चुकी है, लेकिन उसकी बात पर विश्वास नहीं किया गया। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया, ताकि वह साबित कर सके कि उसकी बहन अब इस दुनिया में नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि जीतू अनपढ़ है और उसे बैंकिंग प्रक्रिया या कानूनी वारिस के नियमों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी माना कि बैंक अधिकारियों की ओर से उसे सही तरीके से जानकारी नहीं दी गई।
पुलिस ने जीतू को भरोसा दिलाया कि उसकी बहन के खाते से पैसे निकालने में पूरी मदद की जाएगी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दोबारा दफना दिया गया।
यह घटना न सिर्फ सिस्टम की खामियों को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि जानकारी के अभाव में इंसान किस हद तक जा सकता है। फिलहाल प्रशासन ने बैंक को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द जीतू को उसकी बहन की जमा राशि दिलाई जाए।









