माओवादी को तगड़ा झटका : नक्सली कामंडर रामाशीष यादव गिरफ्तार, पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में था शामिल

चतरा : प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सलियों को तगड़ा झटका लगा है. 25 लाख के इनामी सैक सदस्य गौतम पासवान एवं 15 लाख के ईनामी मनोहर गंझू दस्ते का कंपनी कमांडर रामाशीष यादव उर्फ चलितर यादव उर्फ अंगद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित हंटरगंज थाना पुलिस की स्पेशल टीम ने कोल्हुआ इलाके से उसे गिरफ्तार किया. गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ चतरा के विभिन्न थानों में 10 से अधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस को इसकी लंबे समय से तलाश थी. गिरफ्तार नक्सली चतरा के गिद्धौर थाना क्षेत्र स्थित केंदुआ गांव का रहने वाला है. विगत एक जुलाई को हंटरगंज थाना क्षेत्र के लूटा फाटा इलाके में हुए पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में भी शामिल था. इसी ने पुलिस पार्टी को टारगेट कर गोली चलाई थी.









