JET परीक्षा गड़बड़ी अपडेट: रांची व बोकारो के दो केंद्रों की परीक्षा रद्द, गड़बड़ी की शिकायत पर आयोग ने लिया संज्ञान, सूचना जारी कर बताया…

रांची। झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) के दौरान गंभीर अव्यवस्था उजागर हुई, जिसके बाद दो प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा रद्द करनी पड़ी। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में प्रश्नपत्र की अनुपलब्धता और उनकी खराब गुणवत्ता के कारण अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बताया जा रहा है कि JET परीक्षा के दौरान रांची और बोकारो के दो केंद्रों पर प्रश्नपत्र की कमी और अस्पष्टता के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई। अभ्यर्थियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद आयोग ने पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया।
दरअसल रांची के जिला स्कूल और बोकारो के सेक्टर 9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। दोनों केंद्रों पर प्रश्नपत्र समय पर उपलब्ध नहीं हो पाए और जो प्रश्नपत्र पहुंचे भी, वे कई जगहों पर स्पष्ट नहीं थे।बोकारो के परीक्षा केंद्र पर स्थिति ज्यादा गंभीर रही। यहां अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से ही परीक्षा हॉल में बैठा दिया गया था, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं हो सके।
करीब दोपहर 12:30 बजे परीक्षार्थियों को जानकारी दी गई कि संबंधित विषय का प्रश्नपत्र गलती से धनबाद भेज दिया गया है। इस सूचना के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने परीक्षा केंद्र पर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।अभ्यर्थियों का कहना था कि इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा में इस तरह की लापरवाही उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
कई छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें घंटों तक बिना किसी स्पष्ट जानकारी के बैठाकर रखा गया, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने तत्काल हस्तक्षेप किया और बोकारो केंद्र पर शिक्षा विषय (कोड-009) तथा रांची केंद्र पर उड़िया विषय (कोड-023) की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।
आयोग के अनुसार, दोनों केंद्रों पर परीक्षा रद्द करने का कारण प्रश्नपत्र की अनुपलब्धता और उनकी पठनीयता में कमी है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रभावित विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई तिथि, समय और परीक्षा केंद्र की जानकारी जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।









