झारखंड: गैस सिलेंडर को लेकर आयी राहत भरी खबर, मंत्री इरफान अंसारी ने ली मीटिंग, 7-10 दिन में स्थिति हो जायेगी पूरी तरह ठीक
Jharkhand: Relief Arrives Regarding Gas Cylinders; Minister Irfan Ansari Holds Meeting, Situation to Normalize Completely Within 7-10 Days.

एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने समीक्षा बैठक की। सरकार ने 7–10 दिनों में स्थिति सामान्य होने का दावा किया है और जमाखोरों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
________________________________________
रांची। राज्य में एलपीजी गैस की आपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सक्रिय हो गया है। इस मुद्दे पर विभागीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कडरू स्थित एसएफसी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें राज्यभर के जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO), विभागीय अधिकारी, फूड एंड सप्लाई निदेशक, गैस एजेंसियों और कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में राज्य में एलपीजी की उपलब्धता, वर्तमान मांग और लंबित डिलीवरी (बैकलॉग) की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में अचानक मांग बढ़ने और लोगों में घबराहट (पैनिक) के कारण गैस सिलेंडरों की किल्लत देखने को मिली है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 7 से 10 दिनों के भीतर गैस आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी और घर-घर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी लिया गया कि जिन घरों में धार्मिक अनुष्ठान या शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम हैं, उन्हें विशेष अनुमति के तहत तीन कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए संबंधित उपभोक्ता को अपने जिले के डीएसओ कार्यालय में आवेदन देना होगा।
मंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी एजेंसी द्वारा सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है या नियमों का उल्लंघन होता है, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण (स्टॉकिंग) करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह भी सामने आया कि राज्य के कुछ प्रमुख शहरों में गैस की डिलीवरी में बड़ा बैकलॉग जमा हो गया है। खासतौर पर रांची, जमशेदपुर और धनबाद में स्थिति ज्यादा गंभीर है। रांची में 84 हजार से अधिक, जमशेदपुर में 55 हजार से ज्यादा और धनबाद में 49 हजार से अधिक लंबित डिलीवरी के मामले सामने आए हैं।गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि अगले सात दिनों के भीतर बैकलॉग को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा और नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि बुकिंग के बावजूद समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलता है, तो ग्राहक सीधे अपने जिले के डीएसओ कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है, ताकि लोग आसानी से अपनी समस्या दर्ज करा सकें।









