सिपाही की बेवफाई: “मेरी मौत के बाद इंसाफ दिलाना” सिपाही के साथ चार साल लिव इन में रहने वाली फैशन डिजाइनर ने की आत्महत्या, मौत से पहले दो VIDEO बनाकर कहा, सिपाही ने मुझे….
A soldier's infidelity: "Get justice after my death" A fashion designer who lived with a soldier for four years committed suicide. She made two videos before her death and said, "The soldier..."

34 वर्षीय फैशन डिजाइनर ने आत्महत्या से पहले दो वीडियो जारी कर सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए। युवती का कहना था कि चार साल तक लिव-इन में रखने के बाद सिपाही ने शादी से इनकार कर दिया और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
________________________________________
Police News : एक दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 34 वर्षीय एक फैशन डिजाइनर ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने दो वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए, जिनमें उसने थाना ताजगंज में तैनात कांस्टेबल जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम पर गंभीर आरोप लगाए। पूरा मामला उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का है। युवती ने दावा किया कि सिपाही ने उसे शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रखा और इस दौरान उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया।
मौत के पहले बनाये VIDEO में युवती रोते हुए कहती है कि वह पिछले चार साल से सिपाही के साथ पत्नी की तरह रह रही थी, लेकिन अब वह शादी से साफ इनकार कर रहा है। उसने आरोप लगाया कि जब उसने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की तो उसे समझा दिया गया कि इस मामले में कुछ नहीं होगा और पुलिस वाले का कुछ भी नहीं बिगड़ेगा। युवती ने यह भी सवाल उठाया कि क्या लड़कियों के लिए कोई कानून नहीं है और अगर न्याय नहीं मिलेगा तो उनके पास क्या रास्ता बचेगा।
युवती ने अपने VIDEO में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अपील की थी। उसने कहा कि अगर उसे जीते-जी न्याय नहीं मिल पा रहा है तो कम से कम मरने के बाद तो इंसाफ मिलना चाहिए। वीडियो में उसने कांस्टेबल जेबी गौतम और उसके परिवार को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
वीडियो में युवती ने कांस्टेबल के भाई पर भी आरोप लगाए। उसने कहा कि सिपाही का भाई उसे शादी करने की सलाह दे रहा था, जबकि सिपाही खुद यह कहकर शादी से बच रहा था कि उसके घरवाले इस रिश्ते को स्वीकार नहीं करेंगे। इस कारण वह लगातार मानसिक तनाव में थी।पुलिस के अनुसार, फैशन डिजाइनर मूल रूप से कासगंज की रहने वाली थी और छह साल पहले उसका अपने पति से तलाक हो चुका था।
तलाक के बाद वह आगरा में एक अस्पताल में काम करने लगी। इसी दौरान उसकी पहचान ताजगंज थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में तैनात सिपाही जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम से हुई। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन में रहने लगे।बताया जा रहा है कि दोनों ताजगंज क्षेत्र में एक फ्लैट में साथ रहते थे। युवती लगातार सिपाही पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन वह टालता रहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था।
फैशन डिजाइनर अपनी छोटी बहन के घर सदर थाना क्षेत्र के राजपुर चुंगी इलाके में गई हुई थी। बुधवार रात करीब 12:30 बजे जब उसकी बहन कमरे में गई तो उसने युवती को पंखे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सिपाही के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवती के भाई ने बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसकी बहन इतनी बड़ी परेशानी से गुजर रही थी। उसने कभी घर पर इस बारे में खुलकर बात नहीं की थी।









