झारखंड: बाप पर ही क्यों लगा अपनी औलाद की हत्या का आरोप, दो माह के बच्चे की मौत पर विवाद गहराया, जानिये क्या है मामला

Jharkhand: Why was the father accused of murdering his own child? Controversy deepens over the death of a two-month-old child. Find out what the matter is.

धनबाद जिले के झरिया क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही दो माह के मासूम बेटे की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

धनबाद। झरिया क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। लोदना ओपी क्षेत्र के मधुबन 40 धोड़ा, मुखिया मोहल्ला में एक पिता पर अपने ही दो माह के मासूम बेटे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।

इस मामले ने न सिर्फ पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, बल्कि मानवता को भी शर्मसार कर दिया है। पीड़िता, जो मृत बच्चे की मां है, ने लोदना ओपी में अपने पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

महिला का आरोप है कि उसका अपने पति चंचल कुमार के साथ अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। शादी के बाद से ही पति का व्यवहार उसके प्रति हिंसक रहा है और मारपीट की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।

पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार की रात भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद महिला ने अपने दो माह के बच्चे को दूध पिलाकर सुला दिया और खुद भी सो गई।

कुछ देर बाद जब उसकी नींद खुली, तो उसने देखा कि उसके मासूम बेटे की हालत गंभीर है और उसकी नाक से खून बह रहा है। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और बिना देर किए बच्चे को लेकर झरिया अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, धनबाद पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

महिला ने आरोप लगाया है कि झगड़े के बाद जब घर के सभी सदस्य सो गए थे, उसी दौरान उसके पति ने बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पीड़िता का कहना है कि उनकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और फरवरी 2025 में वे विवाह बंधन में बंधे थे।

शादी के बाद वह गर्भवती हुई, लेकिन तभी से उसका पति बच्चे को अपना नहीं मानता था। वह लगातार गर्भपात कराने का दबाव बनाता रहा और जन्म के बाद भी कई बार बच्चे को जान से मारने की धमकी देता था।

घटना की सूचना मिलते ही लोदना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close