नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आज 100वां एपिसोड है। केंद्र सरकार से लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने कहा है कि इस एपिसोड का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सीधा प्रसारण होगा। केंद्र सरकार ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें दिखाया गया है कि प्रधानमंत्री द्वारा रेडियो शो को कैसे रिकॉर्ड किया जाता है। वीडियो में रिकॉर्डिंग स्टूडियो में जाने से पहले पीएम मोदी को रेडियो के लोगों के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है। बाद में वह बिना किसी लिखित स्क्रिप्ट के दर्शकों को संबोधित करते हैं।

आपको बता दें कि 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ यह कार्यक्रम महिलाओं, युवाओं और किसानों जैसे कई सामाजिक समूहों को संबोधित करते हुए सरकार के नागरिक पहुंच कार्यक्रम का एक प्रमुख स्तंभ बन गया है। इसे 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली सहित 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित किया जाता है। मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी के 500 से अधिक प्रसारण केंद्रों द्वारा किया जा रहा है।

‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड को यादगार बनाने के लिए बीजेपी न बड़े पैमाने पर लोगों तक पहुंच बनाने की योजना बनाई है। सूत्रों ने कहा कि पार्टी लोगों को कार्यक्रम सुनने के लिए देश के हर विधानसभा क्षेत्र में सुविधाएं आयोजित करने की योजना बनाई है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन द्वारा देश भर के राजभवनों में किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के 100वें एपिसोड का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के ‘ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर में सीधा प्रसारण किया जाएगा। 30 मिनट का यह कार्यक्रम रविवार को भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे और न्यूयार्क में शनिवार देर रात डेढ़ बजे प्रसारित होगा। मिशन ने कहा, मन की बात एक मासिक राष्ट्रीय परंपरा बन गया है, जो लाखों लोगों को भारत की विकास यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है। न्यूयॉर्क में भारतीय महावाणिज्य दूतावास भी न्यूजर्सी में भारतीय – अमेरिकियों और प्रवासी समुदाय के सदस्यों के लिए कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था करेगा।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...