बेमौसम की बारिश बनी जानलेवा, अलग-अलग हादसों में चली गयी 31 की जान, कई लोग अस्पताल में भर्ती
Unseasonal rain became fatal, 31 people lost their lives in different accidents, many people admitted in hospital

Weather Alert : बेमौसम की बारिश जानलेवा हो गयी। गरज-चमक के साथ हुई बारिश और आंधी की वजह से 31 लोगों की जान चली गयी। बेमौसम की बारिश ने खूब तबाही मचायी है। कहीं पेड़ गिरे, तो कहीं दीवार ढह गयी। इस दौरान वज्रपात से भी कई लोगों की जान चली गयी। मिली जानकारी के मुताबिक बिहार में अब तक 31 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं कई लोग घायल बताये जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक नालंदा, सिवान, भोजपुर, गोपालगंज, बेगूसराय, सारण, गया, जहानाबाद व अरवल में मौसम का कहर सबसे ज्यादा देखने को मिला। सबसे ज्यादा जानमाल का नुकसान नालंदा में हुआ, नालंदा में 13 लोगों की जान चली गयी।
जानकारी के मुताबिक नालंदा के मानपुर थाने नगवां में देवी स्थान की दीवार ढहने से छह लोगों की जान चली गयी। वहीं बालमत बिगहा में दांदी और पोता-पोती की जान चली गयी। वहीं पावापुरी के दुर्गापुर खंधा में एक 10 साल के बच्चे की जान चली गयी।
वैसी ही स्थिति भोजपुर में भी देखने को मिली है। यहां मां-बेटा सहित पांच लोगों की जान गयी है। पेड़ और दीवार गिरने से जहां 4 लोगों की जान गयी, तो वहीं एक की जान वज्रपात से हुई है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक सिवान में वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई है।
वहीं सारण के पानापुर में वज्रपात से दो की मौत हो गई है। गोपालगंज में झोपड़ी पर पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई है। जहानाबाद में वज्रपात से दो की मौत हुई है। उसी तरह से अरवल-पटना सीमा पर पटना के बेदौली गांव में दीवार व पेड़ से दबकर दो की मौत की सूचना है।
जबकि बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर में वज्रपात से किशोरी की मौत हो गई।गया जिले के टनकुप्पा प्रखंड अंतर्गत भेटौरा पंचायत के मायापुर गांव में दीवार गिरने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। आज भी कई जगहों पर बारिश की चेतावनी दी गयी है।