जमशेदपुर में तिहरा हत्याकांड: रिटायर टाटा स्टील कर्मी ने पत्नी और दो बच्चों को उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

Triple Murder in Jamshedpur: Retired Tata Steel Employee Kills Wife and Two Children; Accused Absconding

जमशेदपुर। शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको रोड नंबर 2 स्थित एक क्वार्टर से सोमवार को बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। घर के भीतर एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं, जबकि परिवार का मुखिया फरार बताया जा रहा है।

पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या का आरोप, कुल्हाड़ी से वार की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह ने ही अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (30) की हत्या की है। बताया जा रहा है कि इस वारदात को कुल्हाड़ी से अंजाम दिया गया, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

खुद फोन कर दी सूचना, फिर हो गया फरार
इस केस का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर को सील कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

गर्भवती थी बेटी, पारिवारिक विवाद की आशंका
मृतक सुप्रिया सिंह शादीशुदा थीं और गर्भवती भी बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार आरोपी कुछ महीने पहले ही टाटा स्टील से रिटायर हुआ था। रिटायरमेंट के बाद परिवार में विवाद होने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

हर एंगल से जांच, सच्चाई सामने लाने में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। मामले में पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इलाके में दहशत, लोग स्तब्ध
घटना के बाद एग्रिको क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आया। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपी कब तक गिरफ्त में आता है और इस वारदात की असली वजह क्या निकलकर सामने आती है।

Related Articles

close