दुनिया ने फिर माना भारत का लोहा! PM मोदी को ओमान का सर्वोच्च सम्मान, देश का सिर गर्व से हुआ ऊँचा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया ऐतिहासिक क्षण, कहा– यह सम्मान भारत की वैश्विक ताकत का प्रमाण

दुनिया ने फिर माना भारत का लोहा! PM मोदी को ओमान का सर्वोच्च सम्मान, देश का सिर गर्व से हुआ ऊँचा

रायपुर: भारत के लिए एक और स्वर्णिम और ऐतिहासिक क्षण सामने आया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को ओमान सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “द फर्स्ट क्लास ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ ओमान” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के वैश्विक नेतृत्व, कूटनीतिक प्रभाव और भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के आत्मसम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का सशक्त प्रमाण है कि आज भारत एक उभरती हुई नहीं, बल्कि स्थापित वैश्विक शक्ति के रूप में दुनिया का मार्गदर्शन कर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त यह 29वाँ अंतरराष्ट्रीय सम्मान उस आत्मनिर्भर, निर्णायक और सशक्त भारत की पहचान है, जो उनके दूरदर्शी नेतृत्व में वैश्विक मंच पर पूर्ण आत्मविश्वास के साथ खड़ा है। आज भारत की आवाज़ को न केवल सुना जाता है, बल्कि उसे गंभीरता से लिया जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था और कूटनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। ओमान का यह सर्वोच्च सम्मान भारत और ओमान के मजबूत होते रिश्तों के साथ-साथ भारत की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता और विश्वास को भी दर्शाता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भावुक शब्दों में कहा,
“भारत माता का मस्तक एक बार फिर गर्व से ऊँचा हुआ है। यह सम्मान हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।”

अपने संदेश के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को इस अद्वितीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा—
“भारत का मान, भारत का अभिमान। जय हिंद! भारत माता की जय!”

Related Articles