प्रेम और जिद की हद पार…लड़की ने प्रेमी की मौत के बाद भी निभाया वचन…लाश से रचाई शादी…घर वाले हार गए

नांदेड़। अक्सर प्यार की कहानियां दिल को छू जाती हैं, लेकिन महाराष्ट्र के नांदेड़ से आई यह कहानी डर और सस्पेंस से भरी है। यहां 21 वर्षीय आंचल ने अपने प्रेमी 20 वर्षीय सक्षम ताते की मौत के बावजूद उससे प्यार निभाया और उसके शव से शादी रचा ली।
आंचल और सक्षम के बीच तीन साल तक अफेयर रहा। दोनों की दोस्ती और प्यार धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गया। लेकिन आंचल के परिवार को सक्षम पसंद नहीं था, क्योंकि वह अलग जाति का था। जब परिवार को पता चला कि आंचल सक्षम से शादी करने जा रही है, तो परिवार ने उसे रोकने के लिए सक्षम की हत्या कर दी। सक्षम को पीटा गया, सिर में गोली मारी गई और पत्थर से कुचल दिया गया।
सक्षम की मौत के बाद आंचल ने अंतिम संस्कार में पहुंचकर उसके शव पर हल्दी लगाई और अपने माथे पर सिंदूर लगाकर उसे जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। उसने कहा, “अब हो गई शादी, मेरे पिता और भाई हार गए।”
आंचल ने यह भी कसम खाई कि वह हमेशा सक्षम की पत्नी के रूप में उसके घर में रहेगी और सक्षम के हत्यारों को सजा-ए-मौत मिलनी चाहिए।
पुलिस ने आंचल के पिता गजानन ममिदवार और उसके भाइयों हिमेश व साहिल को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह घटना न केवल प्यार की अटूट जिद की मिसाल है, बल्कि परिवार और समाज में जातिगत संघर्ष की खतरनाक परिणति भी सामने लाती है।









