झारखंड : जामताड़ा में सनसनी…बीच सड़क महिला के कान से सोने की बाली झपटकर भागे आरोपी

Sensation in Jamtara: Accused snatches gold earring from woman's ear in the middle of the road and runs away

जामताड़ा : में झपटमारी की एक सनसनीखेज घटना ने ईद के मौके पर इलाके में दहशत फैला दी। जामताड़ा थाना क्षेत्र के सरखेलडीह मोहल्ले में एक महिला अपने घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी। तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उसके कान से बाली झपटकर फरार हो गए। यह घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने का मौका ही नहीं मिला। झपट्टा मारते समय उसके कान में गंभीर चोट लग गई और खून बहने लगा।

घटना के बाद महिला ने तुरंत अपने पति इकबाल अंसारी को जानकारी दी। वे मौके पर पहुंचे तो पत्नी को घायल पाया और कान की बाली गायब थी। परिजनों के अनुसार, छीनी गई बाली की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस घटना से परिवार सदमे में है।

दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब घर के बाहर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close