CM बनते ही ‘थलापति’ का बड़ा दांव! 200 यूनिट फ्री बिजली से लेकर महिलाओं की सुरक्षा तक… तमिलनाडु में शुरू हुआ ‘विजय युग

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही ऐसे फैसले लिए, जिसने पूरे राज्य में सियासी हलचल बढ़ा दी है। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के सत्ता में आने के साथ ही राज्य में एक नए राजनीतिक दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
पहले ही दिन बड़े फैसले
शपथ लेने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल फोर्स गठन को भी मंजूरी दी गई। सरकार ने ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के संकेत भी दिए हैं।
पहले भाषण में क्या बोले विजय?
मुख्यमंत्री विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वह किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते और जनता ने उन्हें अपनाया है, इसलिए वे झूठे वादे नहीं करेंगे। उन्होंने राज्य के वित्तीय हालात पर “श्वेत पत्र” लाने की बात कही और पारदर्शी शासन का भरोसा दिलाया।
उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार “धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय” के नए दौर की शुरुआत करेगी। कांग्रेस और वामदलों सहित सहयोगी दलों का समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी दिया।
PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर विजय को बधाई देते हुए लिखा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
श्रीलंका से भी आया संदेश
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भी विजय को शुभकामनाएं दीं और भारत-श्रीलंका संबंधों को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव
विजय के मुख्यमंत्री बनने को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह लंबे समय बाद ऐसा मौका है, जब राज्य में पारंपरिक DMK-AIADMK राजनीति से अलग किसी नई ताकत ने सत्ता संभाली है।









