डीसी द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह से घर लौट रहे शिक्षक सड़क दुर्घटना में घायल…

जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी कार्यालय से लौट रहे घाटशिला के शिक्षक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल शिक्षक दिवस के अवसर पर जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त द्वारा सम्मान समारोह एवं बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें पूरे जिले के शिक्षक मौजूद थे ।
घाटशिला एससी हाई स्कूल के शिक्षक उज्जवल कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्कूटी से अपने घर घाटशिला लालडीह लौट रहे थे। इसी बीच एमजीएम थाना अंतर्गत डांगा के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वे घायल हो गए। कई घंटों तक वे सड़क पर ही पड़े रहे । इस बीच जेएमएम के बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बलजीत सिंह ने वहां से गुजरने के दौरान घायल अवस्था में पड़े शिक्षक को देखा और अपने वाहन से एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे।
घायल व्यक्ति के परिवार वालों को इसकी सूचना दी गई। लेकिन यहां उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे परिवार वाले टीएमएच ले गए। यह दुर्घटना किस वाहन से हुई है, इस बात की जानकारी अब तक किसी को भी नहीं है।








