सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन रेड हंट’ के तहत 9 लाल वारंटियों को किया गिरफ्तार, जिले में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
Major action by Simdega Police: 9 red warrants arrested under 'Operation Red Hunt', security arrangements increased in the district

सिमडेगा पुलिस ने ‘ऑपरेशन रेड हंट’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन दशक से अधिक समय से फरार 09 लाल वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एसपी सिमडेगा एम. अर्शी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दशकों से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है
इस अभियान के तहत ठेठईटांगर थाना कांड संख्या 22/1990 के दहेज प्रताड़ना मामले में 35 वर्षों से फरार शांति खड़ियाइन और विलो देवी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, बानो थाना कांड संख्या 25/2009 के हत्या मामले में 16 वर्षों से फरार अजय टोप्पो, कोलेबिरा थाना कांड संख्या 56/2001 के डकैती मामले में 24 वर्षों से फरार इंदु नायक, सिमडेगा थाना कांड संख्या 51/2010 के जमीन विवाद के मामले में 15 वर्षों से फरार महावीर मेहर, पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 128/2008 के हत्या मामले में 17 वर्षों से फरार अमासु ग्वाला, बोलबा थाना कांड संख्या 11/2000 के पैसे के गबन के मामले में 25 वर्षों से फरार रामविलास बड़ाइक और बोलबा थाना कांड संख्या 143/1995 के हत्या मामले में फरार बानीफास मिंज को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी ने बताया कि इस अभियान के दबाव में एक लाल वारंटी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण भी किया है, जबकि सात लाल वारंटियों की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन रेड हंट अभियान जिले में आगे भी लगातार जारी रहेगा।









