दिनदहाड़े सनसनीखेज मर्डर..टायर में गोली मारकर रोका… फिर मौत का तांडव..
बीच हाईवे पर गैंगवार! फौजी को कार से उतारा, खेतों तक दौड़ाया और गोलियों से भून डाला

हाथरस (उत्तर प्रदेश)।उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में जो मंजर सामने आया, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। नेशनल हाईवे-93 पर दिनदहाड़े गैंगवार जैसी वारदात को अंजाम देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने सेना के जवान की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात इतनी योजनाबद्ध और खौफनाक थी कि देखने वालों की रूह कांप गई।
यह सनसनीखेज घटना थाना सादाबाद क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज के पास हुई। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कार से जा रहे थे जवान… पहले से घात लगाए बैठे थे हत्यारे
मृतक जवान की पहचान अखिलेश चौधरी के रूप में हुई है, जो आगरा स्थित आर्मी बेस वर्कशॉप में तैनात थे। वह सादाबाद थाना क्षेत्र के समदपुर गांव के निवासी थे।
परिजनों के मुताबिक, अखिलेश कार से जा रहे थे, तभी चार बाइक सवार हमलावरों ने अचानक उनकी गाड़ी को घेर लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे।
पहले टायर में गोली… फिर शुरू हुआ मौत का पीछा
परिवार का आरोप है कि बदमाशों ने सबसे पहले कार के टायर में गोली मारकर गाड़ी रुकवाई। जैसे ही अखिलेश ने हालात भांपे और जान बचाने के लिए कार से उतरकर भागने की कोशिश की, हमलावरों ने उन्हें खेतों की ओर दौड़ा लिया।
बताया गया कि पहले उनके पैर में गोली मारी गई, ताकि वे भाग न सकें। इसके बाद बदमाशों ने उनके शरीर में एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं। हमले के तरीके से साफ है कि हत्यारों का इरादा उन्हें जिंदा छोड़ने का था ही नहीं।
कोर्ट से लौटते वक्त बना निशाना
परिजनों ने बताया कि अखिलेश किसी मामले में कोर्ट की तारीख पर गए थे और वहीं से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें घेरकर इस खूनी साजिश को अंजाम दिया गया।
परिवार का आरोप है कि यह हत्या पुरानी मारपीट और रंजिश का नतीजा है, जिसकी आग अब खून तक पहुंच गई।
पुलिस-फॉरेंसिक मौके पर, हत्यारों की तलाश तेज
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खोखे और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जवान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।









