स्कूल बंद : भीषण ठंड की वजह से 11 जिलों में स्कूलों को बंद करने का आदेश, 25 दिसंबर तक हाड़ कंपाने वाली ठंड का अलर्ट जारी
Schools closed: Schools in 11 districts ordered closed due to severe cold, with a bone-chilling cold alert issued until December 25.

School Close : कड़ाके की ठंड ने जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। ठंड की वजह से स्कूली बच्चों की सेहत लगातार बिगड़ रही थी। ऐसे में कई जिलों में स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन की तरफ से जारी आदेश में बिहार राज्य के 11 जिलों में स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। हालांकि स्कूलों में शिक्षकों को आना जरूरी होगा। ठंड को देखते हुए शीतकालीन छुट्टी के पूर्व स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गयी है।
इन जिलों में छुट्टी
बिहार में ठंड और कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है। बिहार के शिवहर जिले में ठंड को लेकर सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 23 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वहीं, बिहार के पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, बक्सर, अररिया, सीवान, भोजपुर, गोपालगंज, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण और दरभंगा जिलों में 24 दिसंबर तक सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
शीतलहरी का अलर्ट
बिहार में शीतलहर और घने कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 24 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस चेतावनी के बाद प्रशासन और आम लोग सतर्क हो गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है और सड़क तथा रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
कोहरा और लो विजिबिलिटी
सोमवार की सुबह पटना, नालंदा, औरंगाबाद और छपरा में घना कोहरा देखने को मिला। खासतौर पर नालंदा जिले में कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहा, जहां विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रिकॉर्ड की गई। इतनी कम दृश्यता के कारण वाहनों की रफ्तार थमी रही और कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ। सुबह के समय हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई जिलों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाया रहा। गयाजी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिहाज से काफी कम माना जा रहा है। अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे लोगों को दिन-रात कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान में इस गिरावट के साथ ही ठंड का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण बिहार में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है।ट
25 दिसंबर तक का अलर्ट
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि 25 दिसंबर के बाद पूरे बिहार में कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है। इस दौरान दिन के समय भी तापमान सामान्य से काफी नीचे रहेगा। यानी धूप निकलने के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिलेगी। इससे लोगों को दिन और रात दोनों समय हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ेगा।









