रांची: नौकरानी ने रची खौफनाक साजिश, बुजुर्ग महिला की हत्या कर लूट, तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार
Ranchi: Maid hatches horrific plot, murders elderly woman and robs her, three criminals arrested

रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय दिव्यांग महिला की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में घर की नौकरानी की साजिश सामने आई है।
________________________________________
रांची। रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित विजेता एनक्लेव में 60 वर्षीय दिव्यांग महिला विश्वासी हन्ना तिरू की हत्या और उनके घर से नकदी व जेवरात की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह सनसनीखेज वारदात 5 दिसंबर 2025 की रात को अंजाम दी गई थी, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों में मुहम्मद आरिफ खान, हसन रजा उर्फ हसनू और मुहम्मद शाहीन शामिल हैं। इनमें से आरिफ खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में संलिप्त रह चुका है।इस मामले के खुलासे के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान टीम ने भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव से संपर्क कर सहयोग मांगा।
इसके बाद मोजाहिदपुर और हबीबपुर पुलिस की मदद से 3 फरवरी की रात को दोनों इलाकों में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पूरी साजिश घर में काम करने वाली नौकरानी सलोमी होरो ने रची थी। सलोमी, रांची के मेकॉन कॉलोनी डोरंडा में रहती थी और लंबे समय से मृतका विश्वासी हन्ना तिरू के घर में काम कर रही थी।
उसने अपनी मालकिन का विश्वास जीत लिया था और घर की पूरी जानकारी हासिल कर ली थी।पुलिस जांच में सामने आया कि सलोमी ने आरोपी आरिफ खान से नजदीकी संबंध बना लिए थे। इसी दौरान उसने आरिफ को बताया कि उसकी मालकिन के पास बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती जेवरात हैं। सलोमी ने आरिफ को यह भी कहा कि अगर चोरी की जाए तो उनकी जिंदगी बदल सकती है।
इस लालच में आकर आरिफ खान ने भागलपुर जाकर अपने दो साथियों मुहम्मद शाहीन और हसन रजा को पूरी योजना के बारे में बताया। तीनों ने मिलकर वारदात की योजना बनाई और कुछ दिनों बाद रांची पहुंचकर सलोमी के साथ विजेता एनक्लेव स्थित घर की रेकी की।
योजना के मुताबिक वारदात वाली रात सलोमी ने तीनों अपराधियों को घर में प्रवेश कराया। इसके बाद आरोपियों ने वृद्ध दिव्यांग महिला विश्वासी हन्ना तिरू की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद घर में रखी लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात लेकर सभी फरार हो गए।
इस बीच मोजाहिदपुर के वार्ड पार्षद पति मिंटू कुरैशी ने भी पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुल्लाचक और आसपास के इलाकों में कुछ अपराधी सक्रिय थे और किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे थे। हाल ही में मिंटू कुरैशी की हत्या की साजिश में शामिल अपराधियों ने इलाके में पिस्तौल लहराते हुए बम धमाके भी किए थे, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल हत्या और लूट के इस मामले का खुलासा हुआ, बल्कि संभावित बड़ी आपराधिक साजिश को भी विफल कर दिया गया। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।









