अवैध शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश: पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, लाखों की नकली विदेशी शराब जब्त
Illegal liquor factory exposed: Police took major action, seized fake foreign liquor worth lakhs

Dhanbad: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 27 जुलाई को झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भागा दो नंबर खटाल इलाके में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए झरिया पुलिस ने अवैध नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
शराब फैक्ट्री का भांडाफोड़
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विजय यादव नामक व्यक्ति अपने घर में नकली विदेशी शराब की एक मिनी फैक्ट्री चला रहा है। सिंदरी डीएसपी आशुतोष सत्यम ने प्रेस वार्ता में बताया कि सूचना पर झरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जहां से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब के नकली रैपर, शराब पैकिंग की मशीनें, ड्रम, केन, खाली बोतलें, ढक्कन सहित भारी मात्रा में तैयार नकली शराब जब्त की गई।
फैक्ट्री संचालक गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने मौके से फैक्ट्री संचालक विजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दो अन्य व्यक्तियों के नाम का भी खुलासा हुआ है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इन दोनों आरोपियों पर बिहार और झारखंड में अवैध शराब से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। इस दौरान पकड़ी गई शराब की कीमत लाखों में बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।









