झारखंड में मानसून की विदाई: 11 अक्टूबर से ठंड की शुरुआत, दिवाली पर कैसा रहेगा मौसम?
Monsoon bids farewell to Jharkhand: Cold to begin from October 11, how will the weather be on Diwali?

रांची: झारखंड में मानसून की वापसी की प्रक्रिया 11 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मॉनसून की हवाएं अब कमजोर हो रही हैं और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि “मौसमी आंकड़ों के अनुसार 11 अक्टूबर से मॉनसून धीरे-धीरे लौटना शुरू करेगा और 12 अक्टूबर तक यह पूरी तरह समाप्त होने की संभावना है।”
इस बीच, 10 अक्टूबर तक राज्य के कुछ इलाकों में वज्रपात और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके बाद आसमान साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। विशेषज्ञों ने बताया कि दिवाली और छठ पर्व के दौरान झारखंड में सुबह और शाम के समय गुलाबी ठंड का अहसास रहेगा, जबकि दिन का तापमान सामान्य से थोड़ी बढ़ोतरी के साथ सामान्य रहेगा।
राज्य में 1 से 6 अक्टूबर के बीच कुल 63.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 34 मिमी वर्षा से 163% अधिक है। इस दौरान कई जिलों में छिटपुट बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं भी हुईं। पिछले 24 घंटों में रांची का अधिकतम तापमान 29.8°C और न्यूनतम 21.6°C दर्ज किया गया, जबकि मेदिनीनगर में अधिकतम 32.6°C और न्यूनतम 23.3°C रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ (33.9°C) में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। दिवाली और छठ के दौरान हल्की ठंड के मद्देनजर घरों और बाहर के कार्यक्रमों में तैयारी करने की भी चेतावनी दी गई है।