रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक खबर है। अचानक बदले मौसम के बीच आकाशीय बिजली एक स्कूल पर गिर गयी। घटना में एक स्कूली बच्चे की मौत हो गयी, वहीं चार बच्चे घायल हो गये। घटना उस वक्त की है, जब बच्चे मध्याह्न भोजन के बाद बाहर खेल रहे थे। प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई।

घटना में चार छात्र और एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भी घायल है। घटना सूरजपुर जिले में बिहारपुर गांव के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की है। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार घटना में सभी घायलों की हालत नॉर्मल है।अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तब हुई जब प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र स्कूल परिसर में खेल रहे थे।

उन्होंने बताया कि सरकारी प्राथमिक विद्यालय में आज आकाशीय बिजली गिरने की वजह से चौथी क्लास में पढ़ने वाले लक्ष्मण सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा जो चार घायल हुए हैं, उनके नाम अमरजीत सिंह, सहदेव सिंह, शिवराम सिंह और भवन सिंह हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए स्कूल पहुंची एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भी इस घटना में घायल हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर ले जाया गया जहां इलाज के दौरान एक छात्र की मौत हो गई। जनपद के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आर एस सिंह ने बताया कि घायल छात्रों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। उनके मुताबिक घायल महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहरसोप में भर्ती कराया गया है और घायलों की हालत सामान्य है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...