झारखंड : रांची में दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी शुरू…जानिए किस पूजा समिति का पंडाल कैसा होगा

Grand preparations for Durga Puja begin in Ranchi: Know what the pandal of which Puja committee will be like

रांची: दुर्गा पूजा में अभी भले ही कुछ समय बाकी हो, लेकेन दुर्गा पूजा कमेटी अभी से ही इसकी तैयारियों में जुट गई है। राजधानी रांची में शारदीय नवरात्र की आहट के साथ ही एक बार फिर दुर्गा पूजा की भव्य तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। हर साल की तरह इस बार भी शहर की प्रमुख दुर्गा पूजा समितियां अद्भुत और भव्य पंडालों के निर्माण में जुट गई हैं।

अब जब पूजा में महज दो महीने का समय रह गया है, तो कहीं पंडाल निर्माण का कार्य 30% पूरा हो चुका है, तो कहीं अब भी प्रारूप को अंतिम रूप देने की कवायद जारी है। रांचीवासियों में इस बात को लेकर खासा उत्साह है कि इस वर्ष किस समिति द्वारा कौन-सी थीम पर आधारित पंडाल तैयार किया जा रहा है।

चलिए जानते हैं रांची की प्रमुख पूजा समितियों और उनके इस वर्ष के पंडाल की झलक—

भारतीय युवक संघ दुर्गा पूजा समिति, बकरी बाजार: आंगकोरवाट की झलक

बकरी बाजार स्थित भारतीय युवक संघ दुर्गा पूजा समिति का पंडाल इस बार विश्व प्रसिद्ध हिंदू मंदिर आंगकोरवाट की थीम पर तैयार हो रहा है। कंबोडिया में स्थित यह मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है और हिंदू स्थापत्य कला का अद्वितीय उदाहरण माना जाता है।

यहां जून से ही निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अब तक 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। हर साल की तरह इस बार भी यहां की कलात्मकता लोगों को मोहित करने वाली है।

रामलला दुर्गा पूजा समिति, धुर्वा: वृंदावन का प्रेम मंदिर

रामलला दुर्गा पूजा समिति, धुर्वा ने बीते वर्ष अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति तैयार कर लोगों का दिल जीत लिया था। समिति ने अपने पहले ही वर्ष में राज्यभर में ख्याति अर्जित की थी।

इस वर्ष समिति वृंदावन स्थित प्रेम मंदिर की थीम पर पंडाल बना रही है। इस बार भी पंडाल को नवरात्र की चतुर्थी तिथि से आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। समिति का उद्देश्य एक बार फिर भव्यता और आस्था का संगम दिखाना है।

आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति, रातू रोड: वैटिकन सिटी की भव्यता

रातू रोड की आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति हर साल भव्य और अनूठे प्रारूपों के लिए चर्चित रहती है। इस बार समिति वैटिकन सिटी की थीम पर पंडाल बना रही है।

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह पंडाल दूधिया रोशनी में चमकेगा और मार्गों को भी विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। यहां रोशनी और स्थापत्य का भव्य संगम देखने को मिलेगा।

सत्य अमर लोक दुर्गा पूजा समिति, हरमू: काल्पनिक मंदिर की अनोखी दुनिया

सत्य अमर लोक दुर्गा पूजा समिति हरमू भी इस बार एक खास थीम के साथ लोगों के सामने आने को तैयार है। हर वर्ष की तरह इस बार भी समिति द्वारा काल्पनिक मंदिर के प्रारूप पर काम किया जा रहा है।

मारवाड़ी भवन के पास स्थित इस पंडाल को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है। इसकी विशेषता इसकी कलात्मकता और कल्पनाशीलता में छिपी है, जो हर साल इसे खास बनाती है।

रांची की दुर्गा पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थापत्य, संस्कृति और रचनात्मकता का भव्य उत्सव है। आंगकोरवाट से लेकर वैटिकन और प्रेम मंदिर तक की थीमों से सजे इन पंडालों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं राजधानी के लोग।

इस साल का दुर्गोत्सव रांची के सांस्कृतिक परिदृश्य को और भव्य बनाने जा रहा है।

Related Articles

close