झारखंड : महिला अफसर मिली बेहोशी की हालत में, हालत नाजुक, रांची किया गया रेफर, ड्राइवर के पहुंचने पर हुआ खुलासा…

Jharkhand: Woman officer found unconscious, condition critical, referred to Ranchi, truth revealed when driver arrived...

Jharkhand News : झारखंड की महिला अफसर बेहोश मिली है। अफसर की हालत बेहद गंभीर है, उन्हें रांची रेफर किया गया है। मामला कोडरमा जिले का है, जहां शनिवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है। जिला कल्याण पदाधिकारी शीतल उषा किरण को उनके दूधिमाटी स्थित आवास में बेहोश अवस्था में पाया गया।

 

जिसके बाद तुरंत ही उन्हें कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर कर दिया है। महिला अधिकारी की तबीयत की जानकारी तब हुई, जब सरकारी ड्राइवर उनके आवास पर पहुंचा। इस दौरान सुबह करीब 9 बजे दरवाजा खटखटाने और कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

 

यही नहीं फोन करने पर भी उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। पहले उन्हें लगा कि मैडम शायद तैयार होने में व्यस्त होंगी, इसलिए इंतजार करने लगे। लेकिन काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं दिखी तो ड्राइवर ने आसपास के लोगों को जानकारी दी। मकान मालिक ने बताया कि सुबह से मैडम घर से बाहर नहीं निकली हैं।

 

स्थिति को संदिग्ध मानते हुए चालक ने मकान मालिक को जानकारी दी और दोनों ने मिलकर अंदर प्रवेश किया। वहां उन्होंने शीतल उषा किरण को अचेत अवस्था में पाया। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया।घटना के बाद जिले भर में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक महकमे से जुड़े अधिकारी लगातार उनकी स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

 

इस बीच यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने की वजह क्या थी। डॉक्टरों ने बताया कि रांची पहुंचने के बाद ही पूरी जांच के बाद स्थिति साफ हो पाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि शीतल उषा किरण एक कर्मठ और गंभीर स्वभाव की अधिकारी मानी जाती हैं। अचानक इस तरह की घटना ने सभी को चौंका दिया है। जिले के कई सामाजिक संगठनों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

Related Articles