Jharkhand Rain Alert: झारखंड में फिर बारिश का अलर्ट, प्रदेश के इन 10 जिलों में आज हो सकती है बारिश, जानिये अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम

रांची। झारखंड में मौसम फिलहाल मानने को तैयार नहीं है। सर्दी के सितम के बीच प्रदेश में कोहरा, बारिश और पाले का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने अगले चार दिन प्रदेश में कड़ाके के ठंड का अलर्ट जारी किया है। 24 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। हालांकि अधिकांश जगहों पर धुंध और कोहरे का प्रकोप दिखेगा। शीतलहरी की भी आशंका है।
आज प्रदेश के पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, खरसांवा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़ और सिंहभूम में बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद मौसम में फिर से ठंडक बढ़ जायेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि 24 जनवरी के प्रदेश के न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट होगी। 26 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। मैदानी क्षेत्रों में इसका सीधा असर तो नहीं होगा, लेकिन पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिमी हवाओं के जरिये इस बर्फबारी की ठंडक फिर समूचे उत्तर भारत को कंपकंपा सकती है। 30-31 जनवरी को फिर एक और पश्चिमी विक्षोभ आने का पूर्वानुमान है। विज्ञानियों के मुताबिक अनुमान है कि इन परिस्थितियों के चलते ठिठुरन भरी ठंड का असर मध्य फरवरी तक भी बना रह सकता है। अगर कोल्ड डे अथवा शीतलहर वाली स्थिति फिर से बन जाए तो भी अतिश्योक्ति नहीं।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा झारखंड का मौसम
• 24 जनवरी : राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य हिस्से में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना।
• 25 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क बना रहेगा।
• 26 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क बना रहेगा।
• 27 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क बना रहेगा।









