झारखंड- पुलिसकर्मी सस्पेंड: टीओपी प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी हुए निलंबित, सिलेंडर ब्लास्ट मामले में पुलिस-प्रशासन एक्शन में …

Jharkhand Police Suspended: Several policemen, including the TOP in-charge, have been suspended. Police and administration have taken action in the cylinder blast case.

झारखंड के पलामू जिले में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। गैस एजेंसी के डीलर का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, वहीं लापरवाही के आरोप में टीओपी-3 के प्रभारी और टाइगर मोबाइल के जवानों को भी निलंबित कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
________________________________________
पलामू। मेदिनीनगर स्थित बैरिया चौक के पास हुए एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट मामले प्रशासन एक्शन में आ गया है। संबंधित गैस एजेंसी के डीलर का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके साथ ही लापरवाही के आरोप में पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों पर भी कार्रवाई की गई है।

बताया जा रहा है कि रविवार को पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में अचानक एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया था। इस विस्फोट की चपेट में चार लोग आ गए थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना घनी आबादी वाले इलाके में होने के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिसकर्मियों पर एक्शन
इस संबंध में पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि घटनास्थल से कुछ सिलेंडर गायब पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में टीओपी-3 के प्रभारी समेत पूरी टीम को निलंबित किया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना के बाद पुलिस विभाग में तत्काल प्रभाव से कुछ पदस्थापन भी किए गए हैं। हरिहरगंज के पथरा ओपी में तैनात मंटू कुमार को टीओपी-3 का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं पाटन थाना में तैनात एएसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह को पथरा ओपी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

घटनास्थल पर रखा था गैस एजेंसी का सिलेंडर डंप
जिस जगह पर यह ब्लास्ट हुआ, वहां एक गैस एजेंसी का डंप सिलेंडर रखा हुआ था। मौके पर खाली और भरे हुए कई एलपीजी सिलेंडर मौजूद थे। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू कर दी है।

जिले के अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने घटना के तुरंत बाद घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित गैस डीलर का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही डीलर के खिलाफ अन्य कानूनी कार्रवाई के विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।

डीसी ने दिये सख्त कार्रवाई के निर्देश
पलामू की उपायुक्त समीरा एस ने बताया कि घटना की जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।इस बीच पुलिस विभाग ने भी अपनी ओर से कार्रवाई करते हुए टीओपी-3 के प्रभारी अजय कुमार गुप्ता और उनकी टीम में तैनात टाइगर मोबाइल के जवानों को निलंबित कर दिया है। यह इलाका मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टीओपी-3 के अंतर्गत आता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close