झारखंड शराब घोटाला: अहमदाबाद से तीन आरोपी ACB ने किया गिरफ्तार
Jharkhand liquor scam: ACB arrests three accused from Ahmedabad

रांची/अहमदाबाद। झारखंड में 38 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अहमदाबाद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में परेश अभेयसिंह ठाकोर, विक्रमासिंह अभेसिंह ठाकोर और महेश शिडगे शामिल हैं। तीनों आरोपियों को अहमदाबाद के सन स्काई पार्क, वकील ब्रिज सोसाइटी से पकड़ा गया।
जांच में पता चला कि तीनों आरोपी M/s Vision Hospitality Services & Consultant Company से जुड़े थे, जिसने झारखंड में शराब दुकानों के संचालन के लिए मैनपावर सप्लाई का ठेका लिया था। एसीबी ने पाया कि कंपनी द्वारा झारखंड बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JBCL) के पक्ष में जमा की गई बैंक गारंटी फर्जी थी, जिससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
ACB के DSP संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों को 25 मई 2025 को नोटिस भेजा गया था, लेकिन सहयोग नहीं मिलने पर अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया। इसके बाद एसीबी ने अहमदाबाद में छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कंपनी को जोन-10 (हजारीबाग, चतरा और कोडरमा) में शराब दुकानों का ई-टेंडर मिला था, लेकिन फर्जी बैंक गारंटी के सहारे उसने सरकार को 12.98 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान नहीं किया। कंपनी के निदेशक विपिन जाधवभाई पटेल की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
तीनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि उन्हें रांची लाकर पूछताछ की जा सके। एसीबी को उम्मीद है कि इस रिमांड से घोटाले के पूरे नेटवर्क और फर्जी गारंटियों के पीछे अन्य शामिल नाम भी उजागर होंगे। यह मामला झारखंड में शराब दुकानों के संचालन में फैले सिस्टमेटिक भ्रष्टाचार की गहरी जांच की दिशा में निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।









