झारखंड: सावधान ! ATM मशीन में हो रही धोखाधड़ी, Card बदलकर ठगी करने वाला गैंग पकड़ाया, ATM सेंटर में मदद के नाम पर उड़ा लेते थे लाखों रुपये…

Jharkhand: Beware! A gang involved in fraudulently using ATM machines has been caught. They allegedly siphoned off lakhs of rupees in the name of assistance at ATM centers.

एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे उड़ाने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद की है।

________________________________________

रांची। एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रांची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से अलग-अलग जिलों में एटीएम ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

 

पुलिस को इस गिरोह के बारे में जानकारी तब मिली जब एसएसपी रांची को 14 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली कि एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे निकालने वाला गिरोह शहर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद रांची पुलिस ने एसपी के नेतृत्व में सभी थानों की संयुक्त टीम बनाकर शहर के कई स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

 

चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

पुलिस की जांच अभियान के दौरान बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के बीआईटी रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस को एक नीले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक तेजी से बाइक मोड़कर भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और जुमार पुल के पास दोनों को पकड़ लिया।

 

जब पुलिस ने उनसे मोटरसाइकिल के कागजात मांगे तो वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाशी ली, जिसमें उनके पास से तीन एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बाइक पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी पाई गई।

 

पूछताछ में कबूली ठगी की वारदात

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे निकालने का काम करते थे। उनका तरीका यह था कि वे एटीएम मशीन के पास खड़े होकर लोगों की मदद करने का बहाना बनाते और मौका देखकर कार्ड बदल देते थे। बाद में उस कार्ड का उपयोग कर खातों से पैसे निकाल लेते थे।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी रांची में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देने के इरादे से आए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने पहले भी झारखंड के कई जिलों में इसी तरह की घटनाएं की हैं।

 

गिरफ्तार आरोपी कौन हैं

पुलिस ने जिन दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

• विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू (26 वर्ष), निवासी हादसा, हिसुआ, जिला नवादा, बिहार

• धनंजय कुमार सिंह (36 वर्ष), निवासी धमौल, थाना हिसुआ, जिला नवादा, बिहार

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि इन आरोपियों के खिलाफ झारखंड और बिहार के कई जिलों—जैसे धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह—में ठगी और चोरी के मामले दर्ज हैं। कई घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के पास मौजूद हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close