झारखंड: 4 छात्रों की मौत, मैट्रिक परीक्षा के बाद घूमने निकले चार छात्रों को स्कॉर्पियो ने कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत
Jharkhand: Four students killed; four students on a trip after their matriculation exams were crushed by a Scorpio, tragically dying on the spot.

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार स्कूली छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर मैट्रिक की परीक्षा देने के बाद घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान देर रात उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि चारों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बाराडीह गांव निवासी मंजीत कुमार (14), विकास कुमार (15), प्रताप कुमार (15) और हफुआ निवासी सोनू कुमार (14) के रूप में हुई है। ये सभी ज्ञानदीप विद्या निकेतन के छात्र थे।
परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त शाम करीब 3 बजे घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। शाम ढलते-ढलते उनकी मौत की खबर घर पहुंची, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि चारों छात्र मैट्रिक की परीक्षा देकर काफी खुश थे और उसी खुशी में बाइक से घूमने निकल गए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। एक ही बाइक पर चार लोगों के सवार होने की वजह से हादसे की आशंका भी जताई जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।









