Jharkahand Naxal IED Blast: नक्सली हमले में असिस्टेंट कमांडेंट घायल, एयर लिफ्ट कर लाया गया रांची, जवानों ने संभाला मोर्चा
Assistant Commandant injured in naxal attack in jharkhand. Air lift for better treatment.

Jharkhaand Naxal Attack: पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा के मारंगपोंगा जंक्शन स्थित घने जंगल में रविवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जारी अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सर्च ऑपरेशन के समय नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे सुरक्षा बलों की टीम माओवादियों के खिलाफ सर्च अभियान चला रही थी। जवान अत्यधिक सतर्कता के साथ जंगल में आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान मरंगपोंगा क्षेत्र में पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा।
विस्फोट के तुरंत बाद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए इलाके को घेर लिया और घायल अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक अमित रेनू सहित वरीय अधिकारियों को दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रांची से हेलीकॉप्टर मंगाने का निर्णय लिया गया।
घायल सहायक कमांडेंट को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक उनकी स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि सारंडा क्षेत्र में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से आईईडी लगाए गए थे। एक अधिकारी इसके शिकार हुए हैं, लेकिन अभियान रुका नहीं है। इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
सारंडा का जंगल लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के बावजूद माओवादी संगठन समय-समय पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश करते रहे हैं।









