सैकड़ों करोड़ का निवेश जाल! गोविंदा से मनोज तिवारी तक के नाम FIR में, हिल गई सियासत और बॉलीवुड
15% मंथली रिटर्न का सपना, प्रमोशन के नाम पर फंसे हजारों निवेशक—मैक्सिजोन टच घोटाले की परतें खुलीं

नई दिल्ली: बॉलीवुड और राजनीति की दुनिया से जुड़ी बड़ी हस्तियों के नाम एक भारी-भरकम निवेश घोटाले में सामने आने से हड़कंप मच गया है। अभिनेता गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में एफआईआर दर्ज होने की खबर ने सनसनी फैला दी है। यह मामला गाजियाबाद स्थित कंपनी मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, झारखंड के जमशेदपुर में निवेशकों की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों को लुभाने के लिए इन चर्चित चेहरों से प्रमोशनल गतिविधियां कराईं, जिससे लोगों ने भरोसा कर अपनी गाढ़ी कमाई निवेश कर दी।
15% मंथली रिटर्न का लालच, न पैसा लौटा न ब्याज
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, मैक्सिजोन टच कंपनी ने निवेश पर हर महीने 15% रिटर्न देने का वादा किया था। शुरुआत में भरोसा दिलाया गया, लेकिन बाद में न तो ब्याज मिला और न ही मूलधन वापस हुआ।
कई निवेशकों ने लाखों रुपये गंवाए, वहीं एक शिकायत में 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का उल्लेख है। कुल घोटाले की रकम सैकड़ों करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
नामी हस्तियों का नाम कैसे आया सामने?
एफआईआर के अनुसार, गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर और मनोज तिवारी सहित कई नामी लोगों का नाम शामिल है। आरोप है कि कंपनी ने इनकी लोकप्रियता और भरोसे का इस्तेमाल कर निवेशकों को आकर्षित किया।
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि ये हस्तियां कितनी गहराई से कंपनी से जुड़ी थीं या केवल ब्रांड एंडोर्समेंट/प्रमोशन तक ही भूमिका सीमित थी। पुलिस जांच जारी है और आगे पूछताछ की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
डायरेक्टर्स पहले ही गिरफ्तार, ED की भी एंट्री
इस मामले में सितंबर 2025 में जमशेदपुर पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर्स चंदर भूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि दोनों एमएलएम स्कीम के जरिए अवैध रूप से फंड जुटा रहे थे।
तीन साल से फरार दोनों को पुलिस ने ट्रेन से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी कंपनी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी की जांच करीब 600 करोड़ रुपये के निवेश और क्रिप्टोकरेंसी फ्रॉड से जुड़ी बताई जा रही है।
कौन हैं ये चर्चित नाम?
गोविंदा – 90 के दशक के सुपरस्टार, राजा बाबू, कुली नंबर 1, पार्टनर जैसी हिट फिल्मों के लिए मशहूर
चंकी पांडे – वर्तमान में राहु केतु फिल्म में नजर आने वाले अभिनेता
शक्ति कपूर – विलेन और कॉमेडी किरदारों के लिए चर्चित, अंदाज अपना अपना, चुप चुप के जैसी फिल्मों से पहचान
मनोज तिवारी – भोजपुरी सुपरस्टार, गायक और दिल्ली से भाजपा सांसद
जांच अभी जारी है, लेकिन बड़े नामों की एंट्री ने इस घोटाले को देशभर की सुर्खियों में ला दिया है।









