झारखंड में गर्लफ्रेंड को मां के सामने ही मार डाला, हथकड़ी सहित ही आरोपी प्रेमी हुआ फरार, लेकिन पुलिस के सामने नहीं चली चालाकी…

In Jharkhand, the girlfriend was killed in front of her mother, the accused boyfriend escaped with handcuffs, but the trick did not work in front of the police...

Jharkhand Crime News : प्रेमिका की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना झारखंड के खूंटी जिले का है, जहां तपकरा थाना क्षेत्र के कुमांग गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद में प्रेमचंद साहू नामक युवक ने अपनी प्रेमिका की उसकी मां के सामने ही चाकू से हत्या कर दी।

 

वारदात के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन वह पुलिस हिरासत से हथकड़ी समेत फरार हो गया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को दोबारा पकड़ लिया। हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से भागने की फिराक में था, लेकिन तोरपा थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया और तपकरा थाना पुलिस को सौंप दिया।

 

पुलिस हिरासत से फरार हो गया आरोपी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी हथकड़ी में होने के बावजूद रविवार तड़के 4:30 से 5:00 बजे के बीच पुलिस हिरासत से भागने में सफल हो गया। इस घटना से तपकरा पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को फिर से गिरफ्तार कर लिया।

 

हालांकि आरोपी के पास लगी हथकड़ी बरामद नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाकर हथकड़ी को भी खोज निकाला। बताया जा रहा है कि आरोपी ने भागने के दौरान किसी तरह हथकड़ी खोल दी थी और रास्ते में फेंक दी थी।

 

पुलिस अधिकारियों ने दी जानकारी

प्रभारी एसपी सह हेडक्वार्टर डीएसपी अखिल नीतीश कुजूर ने बताया कि आरोपी के फरार होने की सूचना उन्हें मिली थी, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसे पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी कि आखिर आरोपी पुलिस हिरासत से कैसे भाग पाया। फिलहाल आरोपी को हत्या के मामले में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

हत्या में इस्तेमाल चाकू और सामान बरामद

सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने तपकरा थाना में प्रेस ब्रीफिंग कर जानकारी दी कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल, दौली और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमचंद साहू के रूप में हुई है, जो रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र अंतर्गत मालगो गांव का रहने वाला है।

Related Articles

close