ATM में फंसा कार्ड और खाते से गायब पैसे! ‘फेवीक्विक गैंग’ का खतरनाक खेल खत्म, 153 कार्ड के साथ 3 शातिर गिरफ्तार

एटीएम स्लॉट में फेवीक्विक डालकर फंसाते थे कार्ड, मदद के बहाने जान लेते थे पिन; 5 राज्यों और यूपी के 35 जिलों में कर चुके हैं 150 से ज्यादा वारदात

उत्तर प्रदेश के आगरा में साइबर क्राइम पुलिस ने एक बेहद शातिर और खतरनाक ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह ATM कार्ड बदलकर लोगों के खातों से लाखों रुपये साफ कर देता था। पुलिस ने फतेहाबाद टोल के पास घेराबंदी कर गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 153 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, 1,06,500 रुपये नकद, तीन स्मार्टफोन, सिम कार्ड, वाईफाई डोंगल और एक लग्जरी कार बरामद की गई है।

फेवीक्विक से खेलते थे ठगी का खतरनाक खेल

पूछताछ में आरोपियों ने जो तरीका बताया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। गिरोह ठगी के लिए फेवीक्विक (Fevikwik) का इस्तेमाल करता था।

आरोपी सबसे पहले किसी खाली एटीएम बूथ में घुसते और मशीन के कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक डाल देते। जब कोई ग्राहक पैसे निकालने आता, तो कार्ड स्लॉट में चिपकने की वजह से उसका एटीएम कार्ड मशीन में फंस जाता।

इसी दौरान आसपास मौजूद आरोपी मददगार बनकर सामने आता और पीड़ित का पिन नंबर देख लेता। इसके बाद वह चालाकी से मशीन से असली कार्ड निकालकर अपनी जेब में रख लेता और ग्राहक को कोई दूसरा फर्जी कार्ड थमा देता। पीड़ित को बताया जाता कि मशीन खराब है और बैंक जाकर शिकायत करें।

जैसे ही ग्राहक वहां से चला जाता, आरोपी उसी असली कार्ड और पिन का इस्तेमाल कर कुछ ही मिनटों में खाते से बड़ी रकम निकाल लेते थे।

5 राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह सिर्फ आगरा में ही नहीं, बल्कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में सक्रिय था।

सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा, सहारनपुर समेत करीब 35 जिलों में 150 से ज्यादा वारदातों को अंजाम देकर इस गिरोह ने करोड़ों रुपये की ठगी की है।

आरोपियों से बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई अहम सामान बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • 153 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड

  • 1,06,500 रुपये नकद

  • 3 स्मार्टफोन और वाईफाई डोंगल

  • सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण

साइबर पुलिस की लोगों को चेतावनी

साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार बिना गार्ड वाले एटीएम बूथ का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

ATM कार्ड डालने से पहले स्लॉट को जरूर जांचें और पिन डालते समय कीपैड को दूसरे हाथ से ढक लें। अगर किसी कारण से कार्ड मशीन में फंस जाए, तो किसी अजनबी की मदद लेने के बजाय तुरंत बैंक या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close