रांची: मरीजों के लिए अच्छी खबर, रिम्स में अब एक ही छत के नीचे मिलेंगी अत्याधुनिक और महंगी से महंगी जांच सुविधाएं, प्राइवेट में जांच से मिलेगा छुटकारा
Ranchi: Good news for patients, RIMS now offers state-of-the-art and expensive testing facilities under one roof, eliminating the hassle of private testing.

रांची के रिम्स अस्पताल में अब मरीजों को कई महंगी से महंगी और अत्याधुनिक जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। नई जांचों के शुरू होने से खासकर गरीब मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक निजी लैब में भारी खर्च करना पड़ता था।
________________________________________
रांची। राजधानी रांची स्थित Rajendra Institute of Medical Sciences (रिम्स) में स्वास्थ्य सेवाएं काफी बेहतर होने वाली है। अब यहां मरीजों को लगभग हर प्रकार की जरूरी और महंगी जांच एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएगी। ट्रामा सेंटर की अत्याधुनिक लैब में पहले से 24 घंटे जांच की सुविधा दी जा रही है, वहीं अब कई नई जांचें भी शुरू की जा रही हैं। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, इन नई जांचों के शुरू होने से मरीजों को समय पर बीमारी की पहचान हो सकेगी और इलाज जल्दी शुरू किया जा सकेगा।
इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अब तक निजी लैब में हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे। कई ऐसी जांचें, जिनकी कीमत निजी संस्थानों में 15 से 20 हजार रुपये तक होती थी, अब रिम्स में फिलहाल मुफ्त या बहुत ही कम दर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। भविष्य में इन जांचों की दरें बाजार मूल्य से लगभग 90 प्रतिशत तक कम रखने की योजना है।
रिम्स में शुरू की जा रही नई जांचों में कैंसर और गंभीर बीमारियों की पहचान से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। इनमें CA-125 जांच महिलाओं में अंडाशय (ओवरी) के कैंसर की पहचान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं CA-19-9 जांच अग्न्याशय और पाचन तंत्र से जुड़े कैंसर का पता लगाने में सहायक है। इसके अलावा एंटी-TPO जांच थायरॉयड ग्रंथि से जुड़ी बीमारियों के लिए उपयोगी है, जबकि एंटी-CCP जांच जोड़ों की बीमारी यानी रूमेटाइड आर्थराइटिस की शुरुआती पहचान में मदद करती है।
इसी क्रम में मूत्र प्रोटीन जांच किडनी से जुड़ी समस्याओं और शरीर में प्रोटीन की स्थिति का पता लगाने के लिए जरूरी मानी जाती है। वहीं RF (रूमेटाइड फैक्टर) जांच गठिया रोग की पुष्टि और उसकी गंभीरता को समझने में अहम भूमिका निभाती है।
ट्रामा सेंटर स्थित लैब में पहले से ही 24×7 जांच की सुविधा उपलब्ध है, जहां मरीजों को 4 से 5 घंटे के भीतर रिपोर्ट मिल जाती है। यहां ब्लड शुगर, किडनी फंक्शन (यूरिया, क्रिएटिनिन), लिवर फंक्शन, इलेक्ट्रोलाइट, लिपिड प्रोफाइल, हार्मोन जांच (टी3, टी4, टीएसएच), कैंसर जांच, संक्रमण जांच और सामान्य पैथोलॉजी जांच जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाएं पहले से ही दी जा रही हैं।








