रांची : IAS बनाने के नाम पर छात्राओं से रेप, ग्रामीणों ने शिक्षक को दम भर पीटा, मामला दर्ज

रांची। IAS बनाने के नाम पर छात्राओं से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। रांची के रातू थाना क्षेत्र के झिरी रोड का है, जहां कोचिंग संचालक पर छात्राओं ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक कोचिंग संस्थान का संचालक पशुपति नाथ कुशवाहा बिहार का रहने वाला है। पशुपति नाथ रांची के बसंत नगर कोकर में रहकर झिरी में एक किराए के मकान में कोचिंग संस्थान चलाता है। जानकारी के मुताबिक कोचिंग संस्थान में दो नाबालिग छात्राएं भी ट्यूशन पढ़ने आती थीं। दोनों लड़कियों ने अचानक से अपने पिता को कोचिंग जाने से मना कर दिया। इसका कारण पूछने पर दोनों लड़कियां रोने लगीं।

लड़कियों ने रोते हुए हुए बताया कि आरोपी शिक्षक उनके नाजुक अंगों को छूता है। बरगलाने के लिए दिल्ली ले जाकर आईएएस बनने का सपना दिखाता है। लड़कियों ने परिजनों को बताया कि आरोपी शिक्षक ने उनलोगों के साथ शारीरिक संबंध भी बनाये और फिर वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की बात कहने लगा। वो घर से मां के गहने लाने के लिए भी कहता था। छात्राओं ने ये भी बताया कि वॉट्सऐप पर गंदी गालियां भी देता था।

शिक्षक की शिकायत सुनकर ग्रामीणों के साथ परिजन कोचिंग पहुंचे और शिक्षक को पकड़कर जमकर पीटा। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को छुड़ाया और अपने साथ थाने ले गई। इसके बाद छात्राओं के पिता ने ग्रामीणों के साथ थाने जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

Related Articles

close