पहले हाथ जोड़कर मांगी माफी, फिर 17वीं मंजिल से मौत की छलांग… मशहूर कारोबारी का खौफनाक अंत

सोलापुर।
सोलापुर शहर की पहचान रही ‘मुल्तानी बेकरी’ के मालिक और जाने-माने कारोबारी सुनील सदारंगानी (60) ने एक दर्दनाक कदम उठाते हुए 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह दिल दहला देने वाली घटना विजयपुर रोड स्थित पनाश अपार्टमेंट में सामने आई। आत्महत्या से ठीक पहले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कारोबारी हाथ जोड़कर प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुनील सदारंगानी दोपहर के समय पनाश अपार्टमेंट पहुंचे। उन्होंने लिफ्ट की बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल किया और सीधे 17वीं मंजिल तक चले गए। छत पर पहुंचकर वे कुछ देर तक हाथ जोड़कर खड़े रहे, जिसे नीचे मौजूद लोगों ने देख लिया। आशंका होने पर स्थानीय नागरिकों ने तुरंत अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड को सूचना दी।
चाबी का बहाना, फिर दोबारा मौत की ओर कदम
सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्ड छत पर पहुंचा और सदारंगानी को समझा-बुझाकर नीचे ले आया। लेकिन नीचे आने के बाद उन्होंने सुरक्षा गार्ड से कहा कि उनकी चाबी ऊपर छूट गई है। इसी बहाने वे दोबारा अकेले 17वीं मंजिल पर पहुंचे और बिना किसी को संभलने का मौका दिए नीचे छलांग लगा दी। गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चश्मदीदों ने देखा पूरा घटनाक्रम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें पहले हाथ जोड़ते और फिर नीचे झुकते हुए देखा। इस दौरान एक वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पहले ही प्रयास में सुरक्षा कर्मी उन्हें नीचे ले आया था, लेकिन दूसरी बार किसी को भनक तक नहीं लगी।
आर्थिक तंगी और इलाज की बात आई सामने
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुनील सदारंगानी पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। वे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा इलाज भी करा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे पुणे में रहते थे और हाल ही में पत्नी के साथ सोलापुर आए थे। उनका एक बेटा अमेरिका में है, जबकि दूसरा पुणे में व्यवसाय करता है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के पीछे के कारणों की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। एक समय सोलापुर की शान मानी जाने वाली मुल्तानी बेकरी के मालिक का इस तरह अंत होना शहर में चर्चा और शोक का विषय बना हुआ है।









