पूर्व पत्नी का फोन बना मौत की वजह? हाईराइज पार्टी में चली सरकारी पिस्टल, युवती की इलाज के दौरान मौत

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में खुशियों से भरी पार्टी अचानक खौफनाक मातम में तब्दील हो गई। राधा स्काई गार्डेन सोसाइटी के एक फ्लैट में देर रात दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की सरकारी पिस्टल से युवती ने खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने कांस्टेबल को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है।

बताया जा रहा है कि जिस फ्लैट में यह दर्दनाक घटना हुई, वहां देर रात तक पार्टी चल रही थी। इसी दौरान दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल आशीष पवार के मोबाइल पर उसकी तलाकशुदा पत्नी का फोन आया। फोन कॉल को लेकर आशीष और उसकी महिला मित्र प्रिया के बीच तीखी बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर प्रिया ने कांस्टेबल की पिस्टल से खुद को गोली मार ली।

गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई। प्रिया को आनन-फानन में यर्थात अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से थाना बिसरख पुलिस को मेमो मिलने के बाद मामला सामने आया।

पुलिस जब अस्पताल पहुंची, तो पता चला कि जो युवक युवती को अस्पताल लेकर आया था, वह उसे भर्ती कराकर चुपचाप वहां से फरार हो गया। डॉक्टरों ने युवती के शरीर पर गन शॉट इंजरी की पुष्टि की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल आशीष पवार के रूप में हुई, जो शादीशुदा है। मृतका प्रिया उसकी करीबी मित्र बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।

अब इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पुलिसकर्मी की लोडेड सरकारी पिस्टल पार्टी में खुलेआम क्यों रखी थी? अगर यह आत्महत्या थी, तो कांस्टेबल युवती को अस्पताल छोड़कर वहां से क्यों भागा? क्या यह महज गुस्से और भावनाओं में लिया गया कदम था, या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है?

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है और सच्चाई पुलिस की तफ्तीश के बाद ही सामने आ सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close