भोजपुर। सड़क हादसे में CRPF के एक जवान की मौत हो गयी। जवान का नाम वीरेंद्र सिंह है, जो सीआरपीएफ में कुक के पद पर पदस्थ था। घटना आरा-बक्सर नेशनल हाईवे की है। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पेट्रोल पंप के करीब दो तेज रफ्तार बाइक की आपस में टक्कर हो गयी। घटना में सीआरपीएफ जवान की मौत हो गयी। मृतक जवान अरुणाचल प्रदेश में पदस्थ था। कुछ माह के प्रतिनियुक्ति पर वो गया जिला के डीआईजी ऑफिस में कार्यरत था।

जानकारी के मुताबिक जवान का बेटा आरा में पढ़ाई करता है। वो बच्चों से मिलने के लिए ही आरा आये हुए थे। बच्चों से मिलने के बाद जब वो गांव लौट रहे थे, तो इस दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गयी। घटना में सीआरपीएफ जवान वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गये। शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

इधर दूसरी बाइक पर सवार दो दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया।जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। स्थानीय थाना द्वारा इसकी सूचना मृतक जवान के परिजनों को दी गई। सूचना पाकर मृतक जवान के परिजन शाहपुर पहुंचे। जिसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...