रांची। भाजपा अभी से ही चुनावी तैयारी में जुटी है। झारखंड में अगले साल होने वाले लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अभी से ही मंथन करने लगी है। भाजपा की 6, 7 और 8 जुलाई को होने वाली बैठक में भी भाजपा चुनावी चर्चाओं को ही अमलीजामा पहनायेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जोन वाइज पार्टी के सीनियर लीडर्स के साथ बैठकर चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तैयार करेंगे। इसमें राज्य से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा, प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्रनाथ त्रिपाठी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भाग लेंगे।
आपको बता दें कि राज्य की 14 लोकसभा सीटों में 11 पर भाजपा और एक सीट पर भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी का कब्जा है।झारखंड में भाजपा ने सभी 14 सीटों पर जीत का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए सीटवार रणनीति बनाई जाएगी। सत्तारूढ़ गठबंधन की तैयारी को भी ध्यान में रखा जाएगा।

जानिये कब-कब-किनकी है बैठक
पार्टी सूत्रों के मुताबिक 6,7 और 8 जुलाई को BJP के राष्ट्रीय महासचिव और सभी मोर्चों के अध्यक्ष क्षेत्रीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे। यह पहला मौका है जब भाजपा तीन क्षेत्रों (पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी) के मोर्चा और महासचिवों के अध्यक्षों के साथ बैठकें करेगी।

6 जुलाई को गुवाहाटी में पूर्वी क्षेत्र के 12 राज्यों के नेताओं की बैठक होगी। इसमें बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा और असम के नेता शामिल होंगे।

7 जुलाई को दिल्ली में उत्तरी क्षेत्र के 13 राज्यों के नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात और दमन दीव-दादर नगर हवेली के नेताओं को बुलाया गया है।

8 जुलाई को हैदराबाद में दक्षिणी क्षेत्र के 11 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के नेताओं की बैठक होगी। इसमें केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मुंबई, गोवा, अंडमान और निकोबार, पुडुचेरी और लक्षद्वीप शामिल हैं।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...