‘ऑपरेशन कवच-13.0’ में पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन…48 घंटे में हड़कंप…3211 जगहों पर मारी रेड, 41 हजार से ज्यादा लोगों से पूछताछ…लाखों जिंदगियों से जुड़ा काला सच आया सामने
नशा, हथियार और अपराध की जड़ पर एक साथ वार...लाखों जिंदगियों से जुड़ा काला सच आया सामने!

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 48 घंटे के भीतर ऐसा पुलिस एक्शन देखने को मिला, जिसने अपराध जगत में हड़कंप मचा दिया। ‘ऑपरेशन कवच-13.0’ के तहत चलाए गए इस बड़े अभियान में हजारों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे नशे और संगठित अपराध की परतें खुलती चली गईं।
दिल्ली पुलिस ने 29 मार्च शाम 6 बजे से 31 मार्च शाम 6 बजे तक 15 जिलों में एक साथ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान 1041 पुलिस टीमों ने 3211 स्थानों पर दबिश दी और 41 हजार से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। इतनी बड़ी संख्या में की गई यह कार्रवाई अपने आप में एक रिकॉर्ड मानी जा रही है।
इस अभियान के दौरान 229 एनडीपीएस मामलों में 267 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए, जिनमें 100 किलो गांजा, 1.170 किलो कोकीन, 260 ग्राम हेरोइन और 179 ग्राम एमडीएमए शामिल हैं। इसके अलावा एक्साइज एक्ट के तहत 416 मामलों में 429 आरोपियों को गिरफ्तार कर 77 हजार से ज्यादा अवैध शराब के पव्वे जब्त किए गए।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। आर्म्स एक्ट के तहत 254 मामलों में 259 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 19 पिस्टल, 42 देसी कट्टे और 191 चाकू बरामद हुए। इसके अलावा जुआ खेलते हुए 528 लोगों को पकड़ा गया, जबकि 59 घोषित अपराधियों और 42 गाड़ी चोरों को भी गिरफ्तार किया गया।
इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे देवेश चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक, पुलिस का मुख्य लक्ष्य सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि अपराध की जड़ों तक पहुंचना था। इसी के तहत 1374 लोगों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया, ताकि भविष्य में होने वाले अपराधों को रोका जा सके।
पुलिस ने इस दौरान 41,394 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और 5691 हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी नजर रखी। साथ ही दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत 3545 गाड़ियों को भी जब्त किया गया।
इस बड़े ऑपरेशन ने साफ कर दिया है कि राजधानी में अपराध के खिलाफ अब सख्त और व्यापक रणनीति के साथ कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, इतने बड़े स्तर पर सामने आए आंकड़े यह भी इशारा करते हैं कि शहर के भीतर अपराध का जाल कितना गहरा फैला हुआ है।









