बड़ी खबर: अस्पताल बना मौत का जाल! आधी रात लगी भीषण आग, ICU में मची अफरा-तफरी… 10 मरीजों की दर्दनाक मौत

एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तड़के हादसा, ट्रॉमा केयर यूनिट में लगी आग से धुएं में घुटने लगे मरीज; पीएम मोदी और सीएम माझी ने किया मुआवजे का ऐलान।

कटक। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सोमवार तड़के एक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ट्रॉमा केयर यूनिट में लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया, जिसमें कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 11 हॉस्पिटल स्टाफ गंभीर रूप से झुलस गए

रिपोर्ट के अनुसार यह हादसा 16 मार्च की सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब ट्रॉमा केयर यूनिट की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। उस समय वहां 23 मरीजों का इलाज चल रहा था। देखते ही देखते घना धुआं ICU वार्ड में फैल गया, जिससे मरीजों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई।

धुएं से घुटने लगी सांसें

हॉस्पिटल स्टाफ और अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और मरीजों को बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन कई मरीज पहले से ही गंभीर हालत में थे और घना धुआं उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के अनुसार रेस्क्यू शुरू होने से पहले ही 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। बाद में धुएं में सांस लेने से 3 अन्य मरीजों की भी जान चली गई। हालांकि कई मरीजों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया और उन्हें न्यू मेडिसिन ICU में शिफ्ट किया गया।

दमकल की घंटों मशक्कत के बाद काबू

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

सीएम माझी पहुंचे अस्पताल

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी खुद अस्पताल पहुंचे और घायलों व पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए 25 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया।

इस दौरान ओडिशा की हेल्थ सेक्रेटरी अश्वथी एस, कटक के जिला कलेक्टर दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे और कटक के DCP ऋषिकेश खिलाड़ी भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि ICU के एयर कंडीशनिंग सिस्टम या किसी मेडिकल उपकरण में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। हालांकि घटना की सही वजह पता लगाने के लिए हाई-लेवल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

1944 में स्थापित है यह बड़ा अस्पताल

एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना वर्ष 1944 में हुई थी। यह पूर्वी भारत के सबसे पुराने और सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थानों में से एक माना जाता है। यह अस्पताल ओडिशा का प्रमुख रेफरल सेंटर है, जहां गंभीर मरीज इलाज के लिए लाए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close