नकली दवाओं का बड़ा खेल बेनकाब…तीन गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क पर पुलिस की कड़ी नजर
Major Fake Drug Racket Exposed... Three Arrested; Police Keep a Tight Watch on Supply Network

CG: रायपुर : में नकली दवाओं के संगठित रैकेट का खुलासा करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पकड़े गए आरोपियों में इंदौर से दवाएं मंगाने वाला रोचक अग्रवाल, सारंगढ़ के मेडिकल स्टोर संचालक खेमराम बानी और भाठापारा के दुकानदार सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।
जनवरी में पकड़ी गई खेप से खुला पूरा मामला
पूरे नेटवर्क की परतें जनवरी महीने में खुलनी शुरू हुई थीं, जब गोगांव स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में नकली दवाओं की बड़ी खेप बरामद हुई थी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ये दवाएं इंदौर से भेजी गई थीं। इसके बाद ड्रग विभाग ने सारंगढ़ और भाठापारा के कई मेडिकल स्टोर्स पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
रेस्टोरेंट मीटिंग का वीडियो बना जांच का टर्निंग पॉइंट
मामला तब और गंभीर हो गया, जब 28 जनवरी को सारंगढ़ के एक मेडिकल स्टोर संचालक की रायपुर में सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम से एक रेस्टोरेंट में मुलाकात सामने आई। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें फाइलों की लेनदेन और संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं।
लापरवाही पर गिरी गाज, अधिकारी निलंबित
वीडियो सामने आने के बाद सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उन पर कर्तव्य में लापरवाही और आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
स्थानीय मेडिकल स्टोर्स के जरिए बाजार में खपाई जा रही थीं दवाएं
जांच में यह पुष्टि हुई है कि इंदौर से नकली दवाएं मंगाकर उन्हें स्थानीय मेडिकल दुकानों के माध्यम से बाजार में बेचा जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क में सप्लायर से लेकर रिटेल स्तर तक की कड़ी जुड़ी हुई थी।
जांच जारी, और नाम सामने आने की संभावना
फिलहाल पुलिस इस पूरे रैकेट की गहराई से जांच कर रही है। आशंका है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।









