झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: दीपावली-छठ से पहले कर्मचारियों को मिलेगा वेतन, 16 अक्टूबर से भुगतान का आदेश

वित्त विभाग ने जारी किया आदेश, सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगी राहत

रांची, 14 अक्टूबर 2025: दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए झारखंड सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि झारखंड सरकार, राज्यपाल सचिवालय, झारखंड उच्च न्यायालय और विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को अक्टूबर माह का वेतन 16 अक्टूबर 2025 से भुगतान किया जाएगा।

वित्त विभाग की ओर से जारी ज्ञापन (वित्त-7/185/2001/2480/वि०) में यह निर्णय झारखंड कोषागार संहिता, 2016 के नियम 139 के तहत लिया गया है। आदेश पर उप सचिव ज्योति कुमारी झा के हस्ताक्षर हैं।

सरकार ने इस संबंध में महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), झारखंड रांची, सभी विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्तों, उपायुक्तों, कोषागार अधिकारियों, विधानसभा सचिवालय और रिजर्व बैंक सहित संबंधित सभी विभागों को पत्र भेज दिया है ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इस फैसले से राज्य के हजारों कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है, क्योंकि समय से पहले वेतन मिलने से दीपावली और छठ पूजा की तैयारियों में आसानी होगी।

Related Articles

close