झारखंड : जैक ने 8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षा को लेकर कही बड़ी बात, जाने क्या है नया नियम?
Big decision in Jharkhand: JAC said this regarding the 8th, 9th and 11th exams, know what is the new rule?

रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के सदस्यों ने मंगलवार को हुई बैठक में कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षा जैक से वापस लेने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया। बैठक की अध्यक्षता डॉ. नटवा हांसदा ने की, जिसमें विधायक सह सदस्य नागेंद्र महतो, मथुरा महतो और आलोक सोरेन सहित कई सदस्य मौजूद थे।
बैठक के बाद सभी सदस्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। JAC अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि विभागीय स्तर पर पहले यह सूचना दी गई थी कि बोर्ड परीक्षा संचालित करने में सक्षम नहीं है। लेकिन अब मुख्यमंत्री को सही जानकारी दी गई कि JAC बोर्ड पहले की तरह परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित करने में पूरी तरह सक्षम है।
ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले शिक्षा विभाग के सचिव और JAC अधिकारियों की बैठक में यह सहमति बनी थी कि 8वीं, 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं अब जेसीईआरटी (JCERT) द्वारा ली जाएंगी। हालांकि, मंगलवार की बैठक में बोर्ड के सदस्यों ने इस निर्णय पर स्पष्ट असहमति जताते हुए विरोध किया।
डॉ. नटवा हांसदा ने कहा, “हमारी परीक्षा प्रणाली मजबूत है। कक्षा 8, 9 और 11 की परीक्षा लेने में कोई कठिनाई नहीं है। मुख्यमंत्री को इस बारे में अवगत करा दिया गया है।” बोर्ड का मानना है कि पूर्ववत व्यवस्था जारी रहनी चाहिए और छात्रों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।









